LOADING...
त्रिकोणीय टी-20 सीरीज,फाइनल : न्यूजीलैंड ने रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स 
न्यूजीलैंड को शानदार जीत मिली (तस्वीर: एक्स/@amit21prajapati)

त्रिकोणीय टी-20 सीरीज,फाइनल : न्यूजीलैंड ने रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स 

Jul 26, 2025
08:11 pm

क्या है खबर?

त्रिकोणीय टी-20 सीरीज 2025 के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को रोमांचक अंदाज में 3 रन से हराते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली। सीरीज की तीसरी टीम जिम्बाब्वे थी। हरारे में खेले गए मुकाबले में कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 180/5 का स्कोर बनाया था। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवर में सिर्फ 177/6 का स्कोर ही बना पाई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

मैच का लेखा-जोखा 

मैच में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। कीवी टीम के लिए डेवोन कॉनवे और रचिन रविंद्र ने सबसे ज्यादा 47-47 रन बनाए। इन दोनों पारियों के ही दम पर न्यूजीलैंड 180/5 का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। दक्षिण अफ्रीका के लिए लुंगी एनगिडी ने सबसे ज्यादा 2 विकेट अपने नाम किए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका के लिए लुआन द्रे प्रिटोरियस (51) ने अर्धशतक लगाया, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए।

जानकारी

आखिरी ओवर का रोमांच 

आखिरी ओवर में दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 7 रन चाहिए थे। मैट हेनरी ये ओवर करने आए और सिर्फ 3 रन खर्च किए। उन्होंने 2 विकेट लिए। डेवाल्ड ब्रेविस (31) और जॉर्ड लिंडे (10) को आउट कर उन्होंने पूरा मैच पलट दिया।

Advertisement

अर्धशतक

प्रिटोरियस ने जड़ा पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक 

प्रिटोरियस ने 35 गेंदों का सामना किया और 51 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 5 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 145.71 की रही। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक रहा। उन्होंने अब तक इस प्रारूप में 5 मुकाबले खेले हैं और इसकी 5 पारियों में 16.60 की औसत से 83 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 125.75 की रही है। न्यूजीलैंड के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 3 पारियों में 79 रन बनाए हैं।

Advertisement

गेंदबाजी

ऐसी रही दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी 

दक्षिण अफ्रीका के लिए एनगिडी ने 4 ओवर में सिर्फ 24 रन खर्च करते हुए 2 सफलता हासिल की। उन्होंने इस टी-20 मुकाबले में सिर्फ 6 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की। एनगिडी ने कॉनवे (47) और चैपमैन (3) को अपना शिकार बनाया। नांद्रे बर्गर और क्वेना मफाका को 1-1 सफलता मिली। हालांकि, ये दोनों गेंदबाज महंगे साबित हुए। बर्गर ने 41 रन खर्च किए और मफाका ने 35 रन दिए। सेनुरन मुथुसामी को भी 1 सफलता मिली।

नजर

रचिन और कॉनवे की पारी पर एक नजर 

रचिन ने 27 गेंदों का सामना किया और 47 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 174.07 की रही। कॉनवे ने 31 गेंदों का सामना किया और 47 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 151.61 की रही। कॉनवे ने अपनी इस पारी के दौरान टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1,500 रन पूरे कर लिए। उन्होंने अब तक 50 पारियों में 1,542 रन बनाए हैं।

Advertisement