वेस्टइंडीज बनाम न्यूजीलैंड: वनडे सीरीज के लिए कीवी टीम घोषित, मैथ्यू फिशर को मिला मौका
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को 11 जुलाई से वेस्टइंडीज दौरे पर वनडे सीरीज खेलनी है। इन 5 मैचों की सीरीज के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) ने अपनी टीम की घोषणा की है। तेज गेंदबाज मैथ्यू फिशर को न्यूजीलैंड को 16-सदस्यीय टीम में जगह मिली है, जबकि जैकब डफी की भी वापसी हुई है। बता दें कि डफी हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर संपन्न हुई टेस्ट सीरीज में नहीं खेले थे।
खिलाड़ी
फिशर ने नहीं खेला है वनडे मैच
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज फिशर ने अब तक कोई वनडे अंतरराष्ट्रीय नहीं खेला है। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 1 टेस्ट और 1 टी-20 खेल चुके हैं। अपने लिस्ट-A करियर में उन्होंने 26.67 की औसत के साथ 43 विकेट लिए हैं। कोच रॉब वॉल्टर ने कहा, "यह मैट (फिशर) को पहली बार वनडे टीम से परिचित कराने का एक अच्छा मौका है। वह अपनी गेंदबाजी में अलग-अलग तरह की विविधता लाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।"
टीम
कई प्रमुख खिलाड़ी नहीं हैं उपलब्ध
कई प्रमुख खिलाड़ी इस वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं। साल के पहले हिस्से में ज्यादा मैच खेलने वाले काइल जैमीसन, मैट हेनरी और विल ओरूके को आराम दिया गया है, जबकि ब्लेयर टिकनर के टखने की सर्जरी होनी है। इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के दौरान अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण डेवोन कॉनवे इस दौरे पर नहीं जा पाएंगे, वहीं रचिन रविंद्र मेजर लीग क्रिकेट में हिस्सा लेने के लिए उपलब्ध नहीं थे।
टीम
ऐसी है न्यूजीलैंड की टीम
मिचेल सैंटनर टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि माइकल ब्रेसवेल, जेडन लेनॉक्स और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट कैरिबियन की धीमी पिचों पर स्पिन के विकल्प देंगे। न्यूजीलैंड की वनडे टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे, निक केली, टॉम लैथम (विकेटकीपर), जेडन लेनॉक्स, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, बेन सियर्स, नाथन स्मिथ, और विल यंग।
कार्यक्रम
11 जुलाई से शुरू होगी वनडे सीरीज
11 जुलाई को गुयाना में होने वाले पहले मुकाबले के साथ वनडे सीरीज की शुरुआत हो जाएगी। इसके बाद दूसरा वनडे 14 जुलाई और तीसरा वनडे 17 जुलाई को खेला जाएगा। ये दोनों मुकाबले भी गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में खेले जाएंगे। आखिर में सीरीज के चौथे और पांचवें वनडे क्रमशः 19 और 21 जुलाई को खेले जाने हैं। ये दोनों मैच बारबाडोस के केंसिंग्टन ओवल में होने हैं।