टी-20 विश्व कप 2026 से बाहर हुए न्यूजीलैंड के माइकल ब्रेसवेल
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने अपने शुरुआती दोनों मैचों में जोरदार जीत दर्ज की है। अब कीवी टीम को 14 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच खेलना है। इस मुकाबले से पहले न्यूजीलैंड के लिए बुरी खबर है। दरअसल, माइकल ब्रेसवेल चोट के कारण बचे हुए टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) ने ये ऐलान किया है।
बयान
बाईं पिंडली की चोट के चलते बाहर हुए ब्रेसवेल
NZC ने अपने बयान में कहा, "ब्रेसवेल अपनी बाईं पिंडली की चोट के चलते टी-20 विश्व कप के बाकी मैच से बाहर हो गए हैं। उन्हें पिछले महीने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के दौरान पिंडली में चोट लगी थी, जिससे वह ठीक हो चुके थे। लेकिन बीते रविवार को वार्म-अप के दौरान उनकी मांसपेशी फिर से चोटिल हो गई। स्कैन से चोट की गंभीरता का पता चला है।"
रिप्लेसमेंट
कोल मैककॉन्ची टीम से जुड़ेंगे
ऑफ-स्पिनिंग ऑलराउंडर कोल मैककॉन्ची तेज गेंदबाज बेन सियर्स के साथ ट्रैवलिंग रिजर्व के तौर पर टीम में शामिल होने के लिए भारत आएंगे। कैंटरबरी किंग्स के कप्तान मैककॉन्ची ने आखिरी बार अप्रैल 2024 में न्यूजीलैंड का प्रतिनिधित्व किया था। मैककॉन्ची ने 133 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें बल्लेबाजी में 1,920 रन और गेंदबाजी में 83 विकेट लिए हैं। वह न्यूजीलैंड की ओर से 12 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं।