टी-20 विश्व कप 2026 में उपविजेता रही न्यूजीलैंड की टीम, ऐसा रहा सफर
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को 96 रन से हरा दिया। इसी के साथ सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम लगातार 2 विश्व कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 255/5 का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में कीवी टीम 159 रन ही बना पाई। आइए मिचेल सैंटनर की अगुआई वाली टीम के सफर पर नजर डालते हैं।
ग्रुप
ग्रुप चरण में ऐसा रहा न्यूजीलैंड का प्रदर्शन
ग्रुप चरण में ग्रुप-D में मौजूद रही न्यूजीलैंड टीम ने अपने पहले मैच में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हराया था। इसके बाद अपने दूसरे मैच में न्यूजीलैंड ने UAE क्रिकेट टीम को 10 विकेट से शिकस्त दी थी। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के विरुद्ध तीसरे मुकाबले में टीम को 7 विकेट से हार मिली। कनाडा क्रिकेट टीम के खिलाफ आखिरी ग्रुप मैच न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से अपने नाम किया था।
सुपर-8
सुपर-8 में टीम को मिली एक हार
सुपर-8 में न्यूजीलैंड का पहला मैच पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ बारिश के कारण रद्द हो गया था। दूसरे मैच में टीम को श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ 61 रन से शानदार जीत मिली। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला न्यूजीलैंड 4 विकेट से हार गई। हालांकि, पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन के कारण कीवी टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई। इस ग्रुप में न्यूजीलैंड के अलावा इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।
सेमीफाइन
सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने ऐसे दर्ज की जीत
न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। एक समय दक्षिण अफ्रीका के 5 बल्लेबाज सिर्फ 77 रन पर पवेलियन में थे। यहां से मार्को यानसन (55*) ने पारी संभाली और टीम का स्कोर 169/8 तक ले गए। जवाब में कीवी टीम के बल्लेबाजों ने दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। टिम सेफर्ट (58) और फिन एलन (100*) की धमाकेदार पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने मैच जीत लिया।
रन
इन बल्लेबाजों ने बनाए सर्वाधिक रन
न्यूजीलैंड टीम से सर्वाधिक रन टिम साइफर्ट ने बनाए। उनके बल्ले से 8 पारियों में 46.57 की औसत और 166.32 की स्ट्राइक रेट के साथ 326 रन निकले। उन्होंने 4 अर्धशतक जड़े और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 89 रन रहा। फिन एलन ने 8 पारियों में 49.66 की औसत और 200 की स्ट्राइक रेट से 298 रन बनाए। ग्लेन फीलिप्स ने 6 पारियों में 157.39 की स्ट्राइक रेट से 181 रन अपने नाम किए।
विकेट
न्यूजीलैंड के इन गेंदबाजों ने लिए सबसे ज्यादा विकेट
न्यूजीलैंड की ओर से सबसे सफल गेंदबाज रचिन रविंद्र रहे। उन्होंने 9 मैचों में 12.41 की औसत और 7.84 की इकॉनमी रेट के साथ 12 विकेट चटकाए। न्यूजीलैंड के इस शानदार अभियान में मैट हेनरी की भी अहम भूमिका रही। उन्होंने 8 पारियों में 23.50 की औसत और 8.24 की इकॉनमी रेट से 10 विकेट अपने नाम किए। लॉकी फर्ग्यूसन ने 33.50 की औसत और 9.96 की इकॉनमी रेट से 6 विकेट चटकाए।
पक्ष
ये रहे न्यूजीलैंड के मजबूत और कमजोर पक्ष
टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड की सबसे बड़ी ताकत उसकी संतुलित टीम और अनुशासित गेंदबाजी रही। टीम के बल्लेबाजों ने जरूरत पड़ने पर जिम्मेदारी से रन बनाए, जबकि गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर विपक्षी टीमों पर दबाव बनाए रखा। हालांकि, न्यूजीलैंड की कमजोरी मध्यक्रम की अस्थिरता रही, जहां कई बार बल्लेबाज बड़ी साझेदारी बनाने में नाकाम रहे। इसके अलावा डेथ ओवरों में गेंदबाजी भी कुछ मुकाबलों में महंगी साबित हुई, जिससे टीम को मुश्किल हालात का सामना करना पड़ा।