न्यूजीलैंड का ये दिग्गज हुआ वैभव सूर्यवंशी का मुरीद, युवा खिलाड़ी को दी ये बड़ी सलाह
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच और पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर जैकब ओरम भी 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की असाधारण सफलता से काफी प्रभावित हैं। हालांकि, उन्होंने इस युवा खिलाड़ी से एक खास गुजारिश भी की है। ओरम चाहते हैं कि सूर्यवंशी अपनी सबसे विस्फोटक पारी किसी और टीम के खिलाफ खेलें। सूर्यवंशी ने मंगलवार (24 नवंबर) को लिस्ट-A मुकाबले में महज 53 गेंदों में 204 रन की तूफानी पारी खेलकर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है।
बयान
15 साल के खिलाड़ी को इस प्रारूप का तारणहार कहना अजीब होगा- ओरम
सूर्यवंशी की इस पारी ने टी-20 क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता के बीच वनडे क्रिकेट की प्रासंगिकता को लेकर बहस छेड़ दी है।
ओरम ने इस बारे में कहा, "15 साल के खिलाड़ी को इस प्रारूप का तारणहार कहना थोड़ा अजीब है। देखते हैं आगे क्या होता है। मैं समझता हूं कि दर्शकों को टी-20 पसंद है और पारंपरिक क्रिकेट के प्रशंसक टेस्ट को पसंद करते हैं, लेकिन मेरा मानना है कि 50 ओवर के क्रिकेट की अपनी जगह है।"
तारीफ
ओरम ने वैभव की जमकर तारीफ की
हालांकि, पूर्व ऑलराउंडर ने सूर्यवंशी की असाधारण प्रतिभा की तारीफ करने में कोई संकोच नहीं किया।
उन्होंने पीटीआई को दिए अपने बयान में आगे कहा, "सूर्यवंशी रोमांचक खिलाड़ी हैं और उनका खेल मनोरंजन से भरपूर है। क्रिकेट में ऐसे जितने ज्यादा खिलाड़ी होंगे इस खेल के लिए उतना ही अच्छा होगा। मैं बस उम्मीद करता हूं कि जब हमें उनके खिलाफ गेंदबाजी करनी हो तब वह 50 गेंदों में दोहरा शतक न लगाएं।"
पारी
यह खिलाड़ी कमाल का है- ओरम
ओरम ने आगे कहा, "उसने हमारे खिलाफ भी एक अच्छी पारी खेली थी। (वेलिंगटन टी-20 में 19 गेंदों पर 45 रन)। उस पारी में उसकी प्रतिभा की झलक देखने को मिली थी। मैंने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) और अन्य जगहों पर टीवी पर भी उसे काफी देखा है। यह खिलाड़ी कमाल का है। वह 15 या 16 साल का है? अगर वह 25 या 26 साल का भी होता यानी 10 साल बड़ा तब भी उम्र कोई मायने नहीं रखती।
खेल
हर बार इस खिलाड़ी के खिलाफ हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा
ओरम ने सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए आगे कहा, "असली बात यह है कि वह कितना अच्छा खिलाड़ी है। 50 गेंदों में 200 रन बनाना अविश्वसनीय है। आप सोचने लगते हैं कि इसके बाद वह और क्या कर सकता है। मैं बस यही उम्मीद करता हूं कि वह हमारे खिलाफ ऐसा ना करे। जब भी हमारा सामना उससे हो हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन सुनिश्चित करना होगा वरना इस तरह का कारनामा हो सकता है, क्योंकि वह बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी है।"