न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने जसप्रीत बुमराह को बताया बड़ी चुनौती, दिया अहम बयान
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच गुरुवार से बेसिन रिजर्व में शुरू होने वाले पहले टेस्ट से पहले मेजबान कप्तान टॉम लैथम ने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को बड़ी चुनौती बताया है। बुमराह के अनोखे बॉलिंग एक्शन और न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में गेंद को हिलाने की उनकी क्षमता को लेकर लैथम ने अपनी टीम को आगाह किया है। उन्होंने स्पष्ट किया की कीवी टीम सीरीज में 3 तेज गेंदबाजों और एक बॉलिंग ऑलराउंडर के साथ उतरेगी।
बयान
लैथम ने क्या दिया बयान?
पहले टेस्ट की पूर्व संध्या पर लैथम ने कहा कि उनकी टीम के कई खिलाड़ी पहले भी बुमराह का सामना कर चुके हैं, लेकिन उनका अलग एक्शन उन्हें बेहद खतरनाक बनाता है।
उन्होंने कहा, "हम जानते हैं कि बुमराह एक बहुत बड़ी चुनौती होने वाले हैं, खासकर यहां की पिचों पर। हमने उनके जैसे गेंदबाजों के लिए तैयारी करने की पूरी कोशिश की है, लेकिन साथ ही हमें बाकी सभी गेंदबाजों के लिए भी पूरी तरह तैयार रहना होगा।"
योजना
टेस्ट सीरीज के लिए क्या है न्यूजीलैंड की योजना?
लैथम ने स्पष्ट किया कि मेजबान टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान मैट हेनरी, काइल जैमीसन और जैकब डफी संभालेंगे, जबकि नाथन स्मिथ अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प के रूप में टीम का हिस्सा होंगे।
उन्होंने बताया कि भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में चोटिल हुए अनुभवी तेज गेंदबाज हेनरी अब पूरी तरह फिट होकर टेस्ट टीम में लौट आए हैं। हेनरी ने अपनी वापसी के लिए कड़ी मेहनत की है।
उन्होंने कहा कि जैमीसन भी अब पूरी तरह फिट हैं।
अंक तालिका
WTC अंक तालिका में क्या है अभी मौजूदा स्थिति?
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) अंक तालिका में न्यूजीलैंड 6 टेस्ट में 4 जीत और 1 हार के साथ शीर्ष पर है, जबकि भारत चौथे स्थान पर है।
अगले साल के फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत को यह सीरीज जीतना बेहद जरूरी है।
लैथम ने कहा कि उनकी टीम अंक तालिका के समीकरणों में उलझने के बजाय अपने मौजूदा खेल और स्वाभाविक शैली पर ध्यान केंद्रित करेगी। कीवी टीम में इस बार कई वरिष्ठ खिलाड़ी नहीं होंगे।