Loading...
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज जीत रावल ने पेशेवर क्रिकेट से लिया संन्यास
जीत रावल ने पेशेवर क्रिकेट से लिया संन्यास (तस्वीर: एक्स/@ICC)

न्यूजीलैंड के बल्लेबाज जीत रावल ने पेशेवर क्रिकेट से लिया संन्यास

Oct 09, 2026
10:28 am

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के जीत रावल ने पेशेवर क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया। उन्होंने 2026-27 के घरेलू सीजन से पहले ये घोषणा की। वह 2020 में आखिरी बार न्यूजीलैंड की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलते हुए नजर आए थे। वह मूल रूप से गुजरात से संबंध रखते हैं और पूर्व भारतीय क्रिकेटर पार्थिव पटेल के साथ स्कूल क्रिकेट खेल चुके हैं। आइए उनके करियर पर एक नजर डालते हैं।

बयान 

अपने करियर से संतुष्ट हैं जीत रावल 

रावल ने नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स क्रिकेट एसोसिएशन से कहा, "यह फैसला लेना मेरे लिए बहुत सम्मान और सौभाग्य की बात है। मुझे बहुत संतुष्टि महसूस हो रही है। बचपन का सपना 'ब्लैक कैप्स' के लिए खेलना था और मैं गर्व के साथ पीछे मुड़कर देखता हूं। यह सिर्फ मेरा सपना नहीं था, बल्कि मेरे पिता का भी सपना था। हमें एक मौका दिखा और वे परिवार को यहां ले आए ताकि मैं अपना सपना पूरा कर सकूं।"

करियर 

पार्थिव पटेल के साथ स्कूल में खेल चुके हैं रावल 

रावल किशोरावस्था में भारत के गुजरात राज्य से ऑकलैंड चले गए थे।

उन्होंने दिसंबर 2008 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ऑकलैंड के लिए अपना प्रथम श्रेणी डेब्यू किया था।

इससे पहले उन्होंने अहमदाबाद के विद्यानगर स्कूल में पार्थिव पटेल के साथ पारी की शुरुआत की थी। हालांकि, न्यूजीलैंड जाने के बाद उन्होंने ऑकलैंड के लिए मध्यक्रम के बल्लेबाज के तौर पर शुरुआत की थी और उसके बाद में वह वहां घरेलू क्रिकेट में सफल ओपनर बन गए थे।

ADVERTISEMENT

आंकड़े 

अपने प्रथम श्रेणी करियर में 10,000 रन बना चुके थे रावल 

रावल ने अपने प्रथम श्रेणी करियर में 164 मैच खेले, जिसमें 37.66 की औसत के साथ 10,432 रन बनाए।

इस बीच उन्होंने 256 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 24 शतक और 50 अर्धशतक लगाए थे।

पिछले साल दिसंबर में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स की कप्तानी करते हुए, वह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 10,000 से ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की खास सूची में शामिल होने वाले 30वें कीवी खिलाड़ी बने थे।

ADVERTISEMENT

WTC 

WTC जीत चुके हैं रावल 

बाएं हाथ के बल्लेबाज रावल ने 2016 में क्राइस्टचर्च में पाकिस्तान के खिलाफ न्यूजीलैंड के लिए अपना टेस्ट डेब्यू किया था।

वह जून 2021 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र जीतने वाली न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा थे।

अपने टेस्ट करियर में उन्होंने 30.07 की औसत के साथ 1,143 रन बनाए थे। उन्होंने एक शतक और 7 अर्धशतक भी लगाए थे।

अपने लिस्ट-A करियर में उन्होंने 2,714 रन और टी-20 करियर में 1,484 रन बनाए थे।

ADVERTISEMENT