Loading...
नीरज चोपड़ा डायमंड लीग फाइनल में पहुंचे, 3 प्रतियोगिताएं नहीं खेलने के बावजूद बनाई जगह
नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग फाइनल में बनाई जगह

नीरज चोपड़ा डायमंड लीग फाइनल में पहुंचे, 3 प्रतियोगिताएं नहीं खेलने के बावजूद बनाई जगह

लेखन Manoj Panchal
Aug 28, 2026
11:43 am

क्या है खबर?

भारत के 2 बार के ओलंपिक पदक विजेता जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने 2026 डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। उन्होंने कैलेंडर की 5 में से 3 प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं लिया था और ज्यूरिख डायमंड लीग में भी नहीं खेले थे। इसके बावजूद नीरज 12 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहे और 4-5 सितंबर को ब्रुसेल्स में होने वाले फाइनल में जगह बनाई। श्रीलंका के रुमेश पथिरागे 39 अंकों के साथ शीर्ष पर रहे।

प्रदर्शन 

लॉजेन डायमंड लीग में हासिल किया सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो

नीरज ने पिछले सप्ताह लॉजेन डायमंड लीग में 88.05 मीटर के सीजन-बेस्ट थ्रो के साथ दूसरा स्थान हासिल किया था।

वह पहले 2 प्रयासों के बाद शीर्ष पर थे। हालांकि, तीसरे राउंड में पथिरागे ने 88.14 मीटर का थ्रो कर बढ़त हासिल की और अंत तक शीर्ष पर बने रहे।

नीरज ने बाद में कहा, "मैंने महसूस नहीं किया था कि अंतर सिर्फ 9 सेंटीमीटर था। यह काफी करीबी मुकाबला था, लेकिन मैं 88 मीटर के थ्रो से खुश हूं।"

वापसी

चोट के बाद की दमदार वापसी

नीरज चोट के कारण करीब 9 महीने तक खेल से दूर रहे थे। उन्होंने जून में दोहा डायमंड लीग से वापसी की, जहां 85.69 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहे।

इसके बाद उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीता और लॉजेन में 88.05 मीटर का सीजन-बेस्ट दर्ज किया।

वापसी के बाद नीरज ने अपनी तकनीक और लय पर काम करने की बात कही। उन्होंने कहा, "हर प्रतियोगिता के साथ मैं वापसी कर रहा हूं।"

ADVERTISEMENT

फाइनलिस्ट 

पथिरागे समेत 6 थ्रोअर डायमंड लीग के फाइनल में

डायमंड लीग फाइनल में नीरज के अलावा पथिरागे, एंडरसन पीटर्स, केशोर्न वॉलकॉट, कर्टिस थॉम्पसन और जूलियस येगो हिस्सा लेंगे।

पथिरागे 39 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। उनके बाद एंडरसन पीटर्स 35, केशोर्न वॉलकॉट 23, कर्टिस थॉम्पसन 20 और जूलियस येगो 13 अंकों के साथ हैं।

नीरज 12 अंकों के साथ छठे स्थान पर हैं।

पथिरागे ने ज्यूरिख में 92.07 मीटर का थ्रो किया, जो इस सीजन का दुनिया में दूसरा सबसे लंबा थ्रो है।

ADVERTISEMENT