राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की घोषणा, तेजस्विन शंकर और दिव्या देशमुख समेत 17 को अर्जुन पुरस्कार
क्या है खबर?
युवा मामले और खेल मंत्रालय ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की आधिकारिक घोषणा कर दी है। भारत के सेवानिवृत्त न्यायाधीश अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर सरकार ने इस साल 17 एथलीटों को अर्जुन पुरस्कार और 3 प्रशिक्षकों को द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चुना है। यह पुरस्कार पिछले 4 वर्षों में खेल के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन, नेतृत्व क्षमता, खेल-भावना और कड़े अनुशासन के लिए दिए जाते हैं।
पुरस्कार
इन खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन पुरस्कार
अर्जुन पुरस्कार 2025 के लिए तेजस्विन शंकर (एथलेटिक्स), मुहम्मद अजमल वी (एथलेटिक्स), प्रियंका गोस्वामी (एथलेटिक्स), त्रिशा जॉली (बैडमिंटन), पुलेला गायत्री गोपीचंद (बैडमिंटन), नरेंद्र (बॉक्सिंग), विदित गुजराती (शतरंज), दिव्या देशमुख (शतरंज), धनुष श्रीकांत (बधिर शूटिंग), लालरेमसियामी (हॉकी), राजकुमार पाल (हॉकी), सुरजीत (कबड्डी), पूजा (कबड्डी), रुद्रांश खंडेलवाल (पैरा-शूटिंग), एकता भ्यान (पैरा एथलेटिक्स), अरविंद सिंह (रोइंग) और अखिल श्योरण (शूटिंग) का नाम चुना गया है।
इसी तरह अर्जुन पुरस्कार लाइफटाइम 2025 आई अरुमनायगम (फुटबॉल) को दिया गया है।
द्रोणाचार्य
द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए कौन-कौन चुने गए?
द्रोणाचार्य पुरस्कार 2025 के लिए परवीर सिंह (एथलेटिक्स), छोटे लाल यादव (बॉक्सिंग) और नेहा नंदकुमार चव्हाण (शूटिंग) को चुना गया है।
द्रोणाचार्य पुरस्कार उन प्रशिक्षकों को दिया जाता है जो लगातार बेहतरीन और काबिलियत भरा काम करते हैं और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करते हैं।
इसी तरह द्रोणाचार्य पुस्कार (लाइफटाइम) 2025 के लिए धर्मेंद्र सिंह यादव (बॉक्सिंग) और वीरेंद्र कुमार (कुश्ती) के नाम पर मुहर लगाई गई है।
जानकारी
आर्मी पैरालंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार
राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2025 पुणे स्थित आर्मी पैरालंपिक नोड को दिया जाएगा। यह सम्मान उन सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के उपक्रम या गैर सरकारी संस्थान (NGO) को दिया जाता है, जिन्होंने खेल को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई हो।