सैंडपेपरगेट विवाद के बाद नाथन लियोन करने जा रहे थे गेंद से छेड़छाड़, हुआ बड़ा खुलासा
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के दिग्गज स्पिन गेंदबाज नाथन लियोन उस खिलाड़ी के रूप में सामने आए हैं, जिन्होंने कथित तौर पर गेंद से छेड़छाड़ करने का सुझाव दिया था। यह घटना दक्षिण अफ्रीका दौरे पर हुए सैंडपेपरगेट विवाद के कुछ महीने बाद की बताई जा रही है। उस समय ऑस्ट्रेलियाई टीम UAE में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रही थी। द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन ने न्यूज कॉर्प की रिपोर्ट के हवाले से यह खुलासा किया है।
विवाद
सैंडपेपरगेट विवाद के 6 महीने बाद हुई थी ये घटना
दक्षिण अफ्रीका में 2018 के गेंद से छेड़छाड़ विवाद और उसके बाद की घटनाओं को लेकर एक नई रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
जाने-माने प्रसारक जेरार्ड व्हाटली की जांच में सामने आया कि अक्टूबर 2018 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान एक खिलाड़ी ने गेंद की स्थिति बदलने के लिए मिंट्स मांगी थी।
यह घटना सैंडपेपरगेट विवाद के महज 6 महीने बाद हुई थी।
प्रसारण
स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर पर लगा था एक-एक साल का प्रतिबंध
कैमरन बेनक्रॉफ्ट को प्रसारण कैमरों में सैंडपेपर से गेंद की स्थिति बदलते पकड़े जाने के बाद 9 महीने के लिए निलंबित कर दिया गया था।
वहीं, तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ और उपकप्तान डेविड वार्नर पर क्रिकेट के सभी प्रारूपों से एक-एक साल का प्रतिबंध लगा था।
वार्नर पर नेतृत्व से जुड़ा प्रतिबंध भी लगाया गया था। इस विवाद के बाद मुख्य कोच डैरेन लेहमैन ने भी पद छोड़ दिया था।
रिपोर्ट
रिपोर्ट में हुआ ये बड़ा खुलासा
शुक्रवार (27 नवंबर) को न्यूज कॉर्प की एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ, जिसे द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन ने भी प्रकाशित किया।
रिपोर्ट के मुताबिक, लियोन ने मैदान पर गेंद की स्थिति बदलने के लिए मिंट्स खरीदने का सुझाव दिया था।
इस पर तत्कालीन कप्तान टिम पेन और कोच जस्टिन लैंगर ने उन्हें फटकार लगाई थी। रिपोर्ट में ये भी कहा गया कि ट्रेविस हेड ने तुरंत इस सुझाव को खारिज किया था। हेड ने उसी दौरे पर टेस्ट डेब्यू किया था।
ICC
ICC ने गेंद को चमकाने पर लगाया था प्रतिबंध
उस समय इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के नियमों के तहत गेंद को चमकाने के लिए बाहरी पदार्थों का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं थी।
कोरोना महामारी के दौरान ICC ने गेंद पर लार के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया था, जिसे 2 साल बाद स्थायी कर दिया गया।
2021 में लियोन ने पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड के साथ बयान जारी कर कहा था कि केपटाउन में मैदान पर सैंडपेपर के इस्तेमाल की उन्हें कोई जानकारी नहीं थी।