
श्रीलंका बनाम बांग्लादेश: मुशफिकुर रहीम ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पूरे किए 9,000 रन, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान अहम उपलब्धि हासिल की है। दरअसल, उन्होंने अपने प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर के 9,000 रन पूरे किए हैं। उन्होंने अपनी दूसरी पारी में 3 रन बनाते ही ये मुकाम हासिल किया। उन्होंने अपनी पहली पारी में 35 रन बनाए थे। इस बीच रहीम के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
आंकड़े
रहीम ने 149 मैचों में 9,000 प्रथम श्रेणी रन पूरे किए
रहीम ने अपने प्रथम श्रेणी करियर के 149 मैचों की 262 पारियों में 9,000 रन पूरे किए। उन्होंने लगभग 40 की औसत के साथ ये आंकड़ा पार किया है। क्रिकइंफो के अनुसार, उन्होंने 19 शतक और 41 अर्धशतक लगाए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 219 रन रहा है। वह लगभग 2 दशक से प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्होंने 2005 में अपने प्रथम श्रेणी करियर की शुरुआत की थी।
करियर
ऐसा रहा है रहीम का टेस्ट करियर
मुशफिकुर ने मई 2005 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का आगाज किया था। वह अब तक 98 टेस्ट खेल चुके हैं, जिसकी 180 पारियों में 6,000 से अधिक रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 12 शतक और 27 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 219 का रहा है। उन्होंने विकेटकीपिंग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 100 से अधिक कैच पकड़े हैं।
रिकॉर्ड
रहीम के नाम दर्ज हैं ये रिकॉर्ड्स
क्रिकइंफो के अनुसार, रहीम के नाम टेस्ट में नामित विकेटकीपर के तौर पर चौथे सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 2018 में मीरपुर में जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 219 रन बनाए थे। नामित विकेटकीपर के रूप में टेस्ट टीम की अगुआई करते हुए उनके नाम दूसरे सबसे अधिक मैच (28) दर्ज हैं। वह केवल महेंद्र सिंह धोनी से पीछे हैं, जिन्होंने 60 टेस्ट में कप्तानी की थी।
प्रदर्शन
श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में ऐसा रहा रहीम का प्रदर्शन
श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट में रहीम का बल्ला खूब चला था। उन्होंने पहली पारी में 163 रन बनाए थे। यह उनके टेस्ट करियर का 12वां शतक रहा था। दूसरी पारी में उन्होंने 63 रन बनाए थे। उनकी पारियों की बदौलत सीरीज का पहला टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। वहीं, कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे मैच में उन्होंने 35 और 26 रन के स्कोर किए।