IPL 2020: 13वें मुकाबले में MI ने KXIP को हराया, मैच में बने बड़े रिकॉर्ड्स

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2020 के 13वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (MI) ने किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) को 48 रनों से हरा दिया। MI की यह दूसरी जीत है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए MI ने कप्तान रोहित शर्मा (70) और किरोन पोलार्ड (47*) की धमाकेदार पारियों की बदौलत 191/4 का स्कोर बनाया था। जवाब में KXIP की टीम निकलोस पूरण (44) की बदौलत 143/8 ही बना सकी। एक नजर डालते हैं मैच के रिकॉर्ड्स पर।
मैच में खेली गई 70 रनों की बेहतरीन पारी के साथ रोहित (5,068 रन) IPL में 5,000 रन पूरे करने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में विराट कोहली (5,430) पहले और सुरेश रैना (5,368) दूसरे पायदान पर है। इसी तरह वह IPL में सबसे ज्यादा (39) अर्द्धशतक के मामले में रैना के साथ संयुक्त रूप से तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। इस सूची में डेविड वॉर्नर (48) पहले और विराट कोहली (41) दूसरे पायदान पर हैं।
अपनी अर्द्धशतकीय पारी के साथ रोहित IPL में KXIP के खिलाफ सबसे ज्यादा छह अर्द्धशतक जड़ने वाले चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में वॉर्नर (10) पहले, क्रिस गेल (8) दूसरे और एबी डिविलियर्स तथा गौतम गंभीर सात-सात अर्द्धशतकों के साथ तीसरे पायदान पर हैं। इसी तरह रोहित KXIP के खिलाफ सबसे ज्यादा (660) रन बनाने वालों की सूची में सातवें पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने शिखर धवन (627) और कोहली (633) को पीछे छोड़ दिया है।
किरोन पोलार्ड ने अपनी नाबाद 47 रनों की पारी में चार छक्के भी जड़े। वह KXIP के खिलाफ सबसे ज्यादा (35) छक्के जड़ने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए। इस मामले में क्रिस गेल (61) पहले और डिविलियर्स (42) दूसरे नंबर पर हैं। इसी तरह पोलार्ड एक पारी में सबसे ज्यादा (16) बार चार या उससे अधिक छक्के जड़ने वाले पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में डिविलियर्स (24) पहले, वॉर्नर (20) दूसरे और वॉटसन (19) तीसरे स्थान पर है।
MI की टीम ने अपनी पारी के अंतिम पांच ओवर में पोलार्ड (नाबाद 47) और पांड्या (नाबाद 30) की पारियों की बदौलत 89 रन जोड़े। इसके साथ ही MI की टीम IPL में अंतिम पांच ओवर में सबसे अधिक रन बनाने वाली दूसरी टीम है। इससे पहले उसने दुबई में भी RCB के खिलाफ 89 रन जोड़े थे। इस मामले में RCB (112 और 91 रन) पहले पायदान पर है। उसने क्रमश: 2016 और 2019 में यह कारनामा किया था।
KXIP की ओर से लक्ष्य का पीछा करते हुए केएल राहुल ने 17 रन बनाए, लेकिन 14वां रन बनाते ही वह IPL में MI के खिलाफ 500 रन पूरे करने वाले 11वें खिलाड़ी बन गए। इस मामले में सुरेश रैना (818) पहले पायदान पर है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए MI ने कप्तान रोहित और पोलार्ड की बदौलत स्कोर को 191/4 पर पहुंचा दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी KXIP के नियमित अंतराल में विकेट गिरते रहे। निकोलस पूरण ने सबसे ज्यादा (44) रन बनाए, लेकिन वह जीत के लिए काफी नहीं थे। ऐसे में KXIP की टीम 143/8 रन ही बना सकी। IPL के इस सीजन में KXIP की तीसरी हार है।