Page Loader
महेंद्र सिंह धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया

महेंद्र सिंह धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया

लेखन Neeraj Pandey
Aug 15, 2020
09:07 pm

क्या है खबर?

क्रिकेट के सभी चाहने वालों और भारतीय क्रिकेट फैंस को पूर्व भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने झटका दिया है। धोनी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें उन्होंने करियर के शुरुआत से लेकर आखिरी इंटरनेशनल मुकाबलों की याद को ताजा किया है। इसी पोस्ट में धोनी ने यह भी लिख दिया है कि उन्हें रिटायर माना जाए।

धोनी की वापसी

बेहद कम लोगों को थी धोनी की वापसी की उम्मीदें

2019 विश्व कप के सेमीफाइनल के बाद से जब धोनी पहले छुट्टी पर गए और फिर खुद को उपलब्ध नहीं बताया तभी से उनके भविष्य को लेकर सवाल खड़े होने लगे थे। इसके बाद उन्हें BCCI की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से भी बाहर कर दिया गया, लेकिन इस बीच धोनी ने किसी से कुछ भी नहीं कहा। हालांकि, तमाम क्रिकेट एक्सपर्ट्स और पूर्व क्रिकेटर्स का मानना था कि अब धोनी भारतीय टीम में वापसी नहीं करेंगे।

आखिरी मैच

जुलाई 2019 में धोनी ने खेला भारत के लिए अपना आखिरी मैच

धोनी ने पिछले साल विश्व कप सेमीफाइनल के रूप में भारत के लिए अपना आखिरी मैच खेला। भारत की हार के बाद धोनी की आंखों में आंसू देखे गए थे और इसके बाद से कैप्टन कूल ने नेशनल टीम में वापसी नहीं की। इस साल का टी-20 विश्व कप कोरोना के कारण स्थगित हो गया, लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के सहारे धोनी नेशनल टीम में अपना दावा ठोंक सकते थे।

IPL 2020

IPL के लिए तैयार दिख रहे हैं धोनी

आपको बता दें कि धोनी IPL 2020 की तैयारी में लगे हैं और फिलहाल वह चेन्नई में कैंप का हिस्सा ले रहे हैं। उनकी टीम चेन्नई सुपरकिंग्स 21 अगस्त को UAE के लिए रवाना हो सकती है और चेन्नई में लगा कैंप 15-20 अगस्त तक चलेगा। इससे पहले मार्च में लॉकडाउन लगने से पहले भी धोनी चेन्नई पहुंचे थे और नेट्स पर जमकर बल्लेबाजी की थी।

रिकॉर्ड्स

इंटरनेशनल क्रिकेट में धोनी के बेहतरीन रिकॉर्ड्स

धोनी ICC के तीनों खिताब जीतने वाले विश्व के पहले और इकलौते कप्तान हैं। कप्तानी छोड़ने के तीन साल बाद भी वह भारत के सबसे सफल लिमिटेड ओवर्स कप्तान हैं। उन्होंने 110 वनडे और 41 टी-20 जीत हासिल की हैं। यदि उनकी बल्लेबाजी की बात करें तो वह भारत के लिए सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने 538 मैचों में 44.96 की औसत के साथ 17,266 रन बनाए हैं।