Page Loader
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सिर्फ 2 खिलाड़ियों ने झटके हैं 1,000 से ज्यादा विकेट, जानिए उनके आंकड़े 
मुथैया मुरलीधरन ने सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय विकेट झटके हैं (तस्वीर: एक्स/@ICC)

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सिर्फ 2 खिलाड़ियों ने झटके हैं 1,000 से ज्यादा विकेट, जानिए उनके आंकड़े 

Aug 03, 2024
06:31 pm

क्या है खबर?

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में सिर्फ 2 ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने 1,000 से ज्यादा विकेट अपने नाम किए हैं। ये 2 गेंदबाज श्रीलंका क्रिकेट टीम के दिग्गज मुथैया मुरलीधरन और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार खिलाड़ी शेन वॉर्न हैं। वॉर्न अब इस दुनिया में नहीं हैं। मुरलीधन ने क्रिकेट के सभी प्रारूप खेले हैं, जबकि वॉर्न ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 1 भी मुकाबला नहीं खेला है। ऐसे में आइए दोनों के आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

आंकड़े

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कैसे हैं मुरलीधरन के आंकड़े?

मुरलीधरन ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 1992 में खेला था। वह आखिरी बार साल 2011 में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 495 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले थे। इसकी 583 पारियों में उन्होंने 22.86 की औसत से 1,347 विकेट झटके थे। उन्होंने 77 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किया था। उनकी इकॉनमी रेट 2.92 की रही थी। मुरलीधरन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 9/51 का रहा था। मुरलीधरन वनडे और टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं।

अंतरराष्ट्रीय

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कैसे हैं वॉर्न के आंकड़े?

वॉर्न ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 1992 में खेला था। वह आखिरी बार साल 2007 में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 339 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले थे। इसकी 464 पारियों में उन्होंने 25.51 की औसत से 1,001 विकेट लिए थे। उनकी औसत 25.51 की रही थी और उन्होंने अपने पूरे करियर में 2,98 की इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की थी। वह 38 बार 5 विकेट हॉल लेने में कामयाब रहे थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8/71 विकेट का रहा था।

आंकड़ा

जेम्स एंडरसन 9 विकेट से नहीं छू पाए आंकड़ा 

हाल ही में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 9 विकेट और अपने नाम कर लेते तो उनके भी 1,000 विकेट हो जाते। इस खिलाड़ी ने अपना पहला मुकाबला साल 2002 में खेला था। उन्होंने 401 मैच की 560 पारियों में 27.28 की औसत से 991 विकेट लिए थे। उन्होंने 34 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किया था। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 7/42 का रहा था।

सक्रिय

सक्रिय खिलाड़ियों में कोई आस-पास भी नहीं 

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज टिम साउथी 35 साल के हो चुके हैं। सक्रिय खिलाड़ियों में वह सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 387 मैच में 29.24 की औसत से 765 विकेट झटके हैं। उनकी इकॉनमी रेट 4.01 की रही है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 7/33 विकेट का है। इनके अलावा रविचंद्रन अश्विन ने 281 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 25.68 की औसत से 744 विकेट अपने नाम किए हैं। अश्विन की उम्र 37 साल की हो चुकी है।