Page Loader
IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले शीर्ष-5 गेंदबाज
युजवेंद्र चहल IPL में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले शीर्ष-5 गेंदबाज

Mar 04, 2024
12:15 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 का आगाज 22 मार्च से होने जा रहा है। साल 2024 के लिए हुई नीलामी में गेंदबाजों का काफी बोलबाला रहा था। मिचेल स्टार्क को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 24.75 करोड़ रुपये में अपनी टीम के साथ जोड़ा था। उनके अलावा पैट कमिंस को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने 20.50 करोड़ रुपये देकर खरीदा था। ऐसे में आइए IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले शीर्ष-5 गेंदबाजों के बारे में जानते हैं।

#1

युजवेंद्र चहल 

IPL 2024 में युजवेंद्र चहल राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। वह IPL में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने इस लीग में अपना पहला मुकाबला साल 2013 में खेला था। इस स्टार गेंदबाज ने अब तक 145 मैच खेले हैं और इसकी 144 पारियों में 21.68 की औसत से 187 विकेट झटके हैं। उन्होंने 6 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/40 का रहा है।

#2

ड्वेन ब्रावो

साल 2008 से 2022 तक IPL खेलने वाले ड्वेन ब्रावो सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 161 मैच की 158 पारियों में 23.82 की औसत से 183 विकेट झटके हैं। उन्होंने 2 बार 4 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/22 का रहा है। ब्रावो के करियर की इकॉनमी रेट 8.38 की रही है। यह पूर्व दिग्गज खिलाड़ी अब IPL नहीं खेलता। वह चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के टीम प्रबंधन का हिस्सा हैं।

#3

पीयूष चावला

IPL इतिहास के सबसे अनुभवी गेंदबाजों में से एक पीयूष चावला पहली बार साल 2008 में IPL मुकाबला खेला था। उन्होंने अब तक 181 मैच खेले हैं। इसकी 180 पारियों में वह 179 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उनकी औसत 26.79 की रही है। इस खिलाड़ी ने 2 बार 4 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/17 विकेट का रहा है। चावला अभी मुंबई इंडियंस (MI) की टीम का हिस्सा हैं।

#4

अमित मिश्रा

अमित मिश्रा IPL के इतिहास में चौथे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने अब तक 161 मैच खेले हैं। इसकी 161 पारियों में उन्होंने 23.84 की औसत से 173 विकेट अपने नाम किए हैं। इस दौरान उन्होंने 4 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किया है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/17 विकेट का रहा है। अमित की इकॉनमी रेट इस लीग में 7.36 की रही है।

#5

रविचंद्रन अश्विन 

रविचंद्रन अश्विन IPL में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में पांचवे स्थान पर हैं। उन्होंने अपना पहला मुकाबला साल 2009 में खेला था। अश्विन ने 197 मुकाबले खेले हैं और इसकी 194 पारियों में उन्होंने 28.66 की औसत से 171 विकेट झटके हैं। वह 1 बार 4 विकेट हॉल लेने में कामयाब रहे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/34 विकेट का रहा है। अश्विन अभी RR की टीम का हिस्सा हैं।