Page Loader
टेस्ट क्रिकेट: कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों पर एक नजर 
विराट कोहली इस सूची में पहले स्थान पर हैं (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टेस्ट क्रिकेट: कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों पर एक नजर 

Jul 10, 2025
06:40 pm

क्या है खबर?

टेस्ट क्रिकेट में कप्तानी का दबाव हर कोई नहीं झेल पाता, लेकिन कुछ भारतीय खिलाड़ी ऐसे रहे जिन्होंने इस जिम्मेदारी को अपनी ताकत बना लिया। उन्होंने न सिर्फ टीम का नेतृत्व किया, बल्कि बल्ले से भी कमाल दिखाया और बड़े रन बनाकर मिसाल कायम की।अब शुभमन गिल भी उसी राह पर कदम बढ़ा रहे हैं। ऐसे में आइए नजर डालते हैं उन भारतीय कप्तानों पर, जिन्होंने टेस्ट में कप्तानी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाए।

#1

विराट कोहली (5,864 रन) 

पहले स्थान पर टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी रहे विराट कोहली हैं। उन्होंने 68 मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की और इसकी 113 पारियों में 54.80 की उम्दा औसत के साथ 5,864 रन बनाए। उनके बल्ले से 20 शतक और 18 अर्धशतक निकले। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 254* रन रहा। कप्तान के तौर पर इस खिलाड़ी ने पहला मुकाबला साल 2014 में खेला था। आखिरी बार उन्होंने साल 2022 में भारतीय टीम की कप्तानी की थी।

#2

महेंद्र सिंह धोनी (3,454 रन) 

सूची में दूसरे स्थान पर पूर्व दिग्गज भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी हैं। उन्होंने कप्तान के तौर पर पहला मुकाबला साल 2008 में खेला था। आखिरी बार वह 2014 में भारतीय टीम की कप्तानी करते हुए नजर आए थे। उन्होंने 60 मैचों की 96 पारियों में 40.63 की औसत से 3,454 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 5 शतक और 24 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 224 रन रहा था।

#3

सुनील गावस्कर (3,449 रन) 

तीसरे स्थान पर पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और कप्तान सुनील गावस्कर हैं। उन्होंने 1976 में कप्तान के तौर पर पहला मैच खेला था। आखिरी बार वह 1985 में टीम की कप्तानी करते हुए नजर आए थे। उन्होंने 47 मैच की 74 पारियों में 6 बार नाबाद रहते हुए 50.72 की उम्दा औसत के साथ 3,449 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 11 शतक और 14 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 205 रन रहा था।

#4

मोहम्मद अजहरुद्दीन (2,856 रन) 

इस सूची में चौथे स्थान पर भारतीय टीम के एक और पूर्व स्टार खिलाड़ी मोहम्मद अजहरुद्दीन हैं। उन्होंने 1990 में कप्तान के तौर पर पहला मैच खेला था। आखिरी बार 1999 में वह कप्तानी करते हुए नजर आए थे। उन्होंने 47 मैच की 68 पारियों में 43.93 की औसत से 2,856 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 9 शतक और 9 अर्धशतक निकले थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 192 रन रहा था।