
टेस्ट क्रिकेट: इन बल्लेबाजों ने जड़े हैं भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने लॉर्ड्स टेस्ट में भारत के खिलाफ शानदार शतक (104) जड़ते हुए खास उपलब्धि हासिल की। यह भारत के खिलाफ उनका 11वां टेस्ट शतक रहा। सीरीज के पहले 2 टेस्ट में रूट का बल्ला खामोश रहा था। रूट अब भारत के खिलाफ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। ऐसे में आइए नजर डालते हैं उन बल्लेबाजों पर, जिन्होंने भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाए हैं।
#1
जो रूट और स्टीव स्मिथ (11-11 शतक)
सूची में रूट के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ हैं। दोनों ने भारत के खिलाफ 11-11 शतक लगाए हैं। रूट ने 33 टेस्ट की 60 पारियों में यह कारनामा किया है। स्मिथ ने 24 टेस्ट की 46 पारियों में 11 शतक लगाए हैं। इस कंगारू बल्लेबाज ने 58.90 की औसत से 2,356 रन बनाए हैं। रूट के बल्ले से 54.87 की औसत से 3,059 रन निकले हैं।
#2
गैरी सोबर्स विवियन रिचर्ड्स और रिकी पोंटिंग (8-8 शतक)
दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से 3 बल्लेबाज गैरी सोबर्स, विवियन रिचर्ड्स और रिकी पोंटिंग हैं। इन खिलाड़ियों ने भारत के खिलाफ टेस्ट में संयुक्त रूप से 8-8 शतक लगाए हैं। सोबर्स ने 18 टेस्ट की 30 पारियों में 83.47 की औसत से 1,920 रन बनाए थे। रिचर्ड्स के बल्ले से 28 टेस्ट की 41 पारियों में 50.71 की औसत 1,927 रन निकले थे। पोंटिंग ने 29 मैचों की 51 पारियों में 54.36 की औसत से 2,555 रन बनाए थे।
#3
6 बल्लेबाजों ने जड़े हैं भारत के खिलाफ 7-7 शतक
तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से 6 बल्लेबाज हैं। एवर्टन वीक्स (वेस्टइंडीज), माइकल क्लार्क (ऑस्ट्रेलिया), शिवनारायण चंद्रपॉल (वेस्टइंडीज), क्लाइव लायड (वेस्टइंडीज) और एलिस्टेयर कुक (इंग्लैंड) ने भारत के खिलाफ 7-7 शतक जड़े थे। कुक ने इन खिलाड़ियों में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा 2,431 रन बनाए थे। उन्होंने 30 टेस्ट की 54 पारियों में 47.66 की औसत से ये रन बनाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 294 रन रहा था। कुक भारत के खिलाफ आखिरी बार 2018 में खेले थे।
#4
इन बल्लेबाजों ने जड़े हैं 6-6 शतक
डेविड बून (ऑस्ट्रेलिया), मुदस्सर नजर (पाकिस्तान), जहीर अब्बास (पाकिस्तान), महेला जयवर्धने (श्रीलंका), केविन पीटरसन (इंग्लैंड) और मैथ्यू हेडन (ऑस्ट्रेलिया) इस सूची में संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं। इन खिलाड़ियों ने भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में 6-6 शतक लगाए हैं। हेडन ने इन खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा 1,888 रन बनाए हैं। उन्होंने 59 की औसत से बल्लेबाजी की है। उनके बल्ले से 8 अर्धशतक भी निकले थे। उनकी औसत 65.92 की रही थी।