Page Loader
IPL इतिहास में RCB के खिलाफ ये कप्तान रहे हैं सबसे सफल, जानिए उनके आंकड़े 
महेंद्र सिंह धोनी इस सूची में पहले स्थान पर हैं (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL इतिहास में RCB के खिलाफ ये कप्तान रहे हैं सबसे सफल, जानिए उनके आंकड़े 

May 30, 2025
02:34 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को एक मजबूत टीम माना जाता है। हालांकि, कुछ कप्तानों ने शानदार रणनीति और नेतृत्व के दम पर इस टीम के खिलाफ बेहतरीन जीत दर्ज की है। उनकी कप्तानी RCB पर भारी पड़ी है। मौजूदा संस्करण में RCB ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथी बार फाइनल में जगह बनाई है। ऐसे में आइए एक नजर डालते हैं उन कप्तानों पर, जो IPL में RCB के खिलाफ सबसे ज्यादा सफल रहे हैं।

#1

महेंद्र सिंह धोनी (19 जीत) 

पहले स्थान पर महेंद्र सिंह धोनी हैं, जिन्होंने 2008 में पहली बार RCB के खिलाफ कप्तानी की थी। वह चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की कप्तानी कर चुके हैं। RCB के खिलाफ धोनी ने 32 मुकाबलों में टीम की कमान संभाली, जिनमें से 19 में जीत और 12 में हार मिली। एक मैच बेनतीजा रहा। धोनी का जीत प्रतिशत 61.29 का रहा है, जो बताता है कि उनकी कप्तानी इस टीम के खिलाफ बेहद प्रभावी रही है।

#2

रोहित शर्मा (11 जीत) 

दूसरे स्थान पर रोहित शर्मा हैं, जिनका मुंबई इंडियंस (MI) की कप्तानी करते हुए RCB के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड है। रोहित ने RCB के खिलाफ 19 मैचों में कप्तानी की थी, जिनमें से MI को 11 मुकाबलों में जीत और 7 में हार मिली थी। 1 मुकाबला टाई पर समाप्त हुआ था। उनका जीत प्रतिशत 60.52 का रहा था। रोहित की आक्रामक कप्तानी और रणनीतिक समझ ने कई बार RCB को दबाव में डाला और MI को अहम जीत दिलाई।

#3

गौतम गंभीर (9 जीत)

तीसरे स्थान पर पूर्व दिग्गज खिलाड़ी गौतम गंभीर हैं। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए कप्तानी की थी। गंभीर ने RCB के खिलाफ कुल 16 मैचों में टीम की कमान संभाली थी, जिनमें से 9 मुकाबले जीते और 7 में हार मिली। उनका जीत प्रतिशत 56.25 का रहा था। गंभीर की आक्रामक कप्तानी और सूझबूझ भरे फैसलों ने कई बार RCB की मजबूत बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया था।

#4

डेविड वार्नर

चौथे स्थान पर डेविड वार्नर हैं, जिन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और DC की कप्तानी करते हुए RCB के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था। इस पूर्व दिग्गज खिलाड़ी ने RCB के खिलाफ 13 मैचों में कप्तानी की थी, जिनमें उनकी टीम को 7 में जीत और 6 में हार का सामना करना पड़ा था। उनका जीत प्रतिशत 53.84 का रहा था। आक्रामक बल्लेबाज होने के साथ-साथ वार्नर ने अपनी कप्तानी से भी कई मौकों पर RCB को कड़ी टक्कर दी थी।