Page Loader
केन विलियमसन विश्व कप में न्यूजीलैंड के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने, जानिए आंकड़े
शतक से चूके केन विलियमसन (तस्वीर: एक्स/@BLACKCAPS)

केन विलियमसन विश्व कप में न्यूजीलैंड के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने, जानिए आंकड़े

Nov 04, 2023
03:05 pm

क्या है खबर?

वनडे विश्व कप 2023 के 35वें मुकाबले में शनिवार को न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान केन विलियमसन शतक लगाने से चूक गए। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ बेंगलुरु के एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में उन्होंने 120.25 की स्ट्राइक रेट से 79 गेंदों पर 95 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 2 छक्के भी जड़े। वह अब न्यूजीलैंड के लिए विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 24 पारियों में 1,084 रन बनाए हैं।

आंकड़े

स्टीफन फ्लेमिंग ने बनाए दूसरे सर्वाधिक रन

विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों की सूची में दूसरे नंबर पर स्टीफन फ्लेमिंग हैं। उन्होंने 33 पारियों में 1,075 रन बनाए थे। सूची में तीसरे नंबर पर रॉस टेलर (30 पारी, 1,002 रन), चौथे पर मार्टिन गुप्टिल (27 पारी, 995 रन) और 5वें पर स्कॉट स्टायरिस (22 पारी, 909 रन) हैं। विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 44 पारियों में 2,278 रन बनाए हैं।

रिकॉर्ड

विलियमसन ने 24 पारियों में बनाए 1,000 रन

विलियमसन ने विश्व कप की 24 पारियों में 1,000 रन बनाए। विश्व कप में सबसे कम पारियों में 1,000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर डेविड वार्नर और रोहित शर्मा हैं। दोनों ने ही 19-19 पारियों में यह कारनामा किया था। सूची में दूसरे नंबर पर सचिन तेंदुलकर-एबी डिविलियर्स (20), तीसरे विवियन रिचर्ड्स-सौरव गांगुली (21), चौथे पर मार्क वॉ-हर्शल गिब्स (22) और 5वें पर तिलकरत्ने दिलशान (23) हैं।