टी-20 विश्व कप के इतिहास में एक मैच में सबसे ज्यादा रन देने वाले गेंदबाज
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप के इतिहास में जहां गेंदबाजों ने कई बार बल्लेबाजों पर कहर बरपाया, वहीं कुछ मैच ऐसे भी रहे जब वही गेंदबाज रिकॉर्ड रन लुटा बैठे। बड़े मंच पर खेला गया एक ओवर कई बार पूरे मैच की तस्वीर बदल देता है। जब बल्लेबाजों का बल्ला आग उगलता है तब गेंदबाजों के नाम अनचाहे रिकॉर्ड दर्ज हो जाते हैं। आइए टूर्नामेंट के इतिहास में एक मैच के दौरान सबसे ज्यादा रन देने वाले गेंदबाजों पर नजर डालते हैं।
#1
सनथ जयसूर्या (64 रन)
इस सूची में पहले स्थान पर श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर खिलाड़ी सनथ जयसूर्या हैं। उन्होंने साल 2007 के टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ 4 ओवर में 64 रन खर्च कर दिए थे। इस खिलाड़ी ने 16 की खराब इकॉनमी से गेंदबाजी की थी। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 189/6 का स्कोर बना दिया था। श्रीलंका को उस मुकाबले में 33 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
#2
मशरफे मुर्तजा (63 रन)
बांग्लादेश क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज मशरफे मुर्तजा इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 2014 के टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ 4 ओवर में 63 रन खर्च कर दिए थे। उन्हें एक भी सफलता नहीं मिली थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 190/5 का स्कोर बनाया था। अहमद शाहजाद ने 111 रन की पारी खेली थी। बांग्लादेश 140/7 का स्कोर ही बना पाई थी। उसे 50 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
#3
लामेक ओन्यांगो (61 रन)
केन्या क्रिकेट टीम के गेंदबाज लामेक ओन्यांगो इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने साल 2007 के टी-20 विश्व कप में श्रीलंका के खिलाफ 4 ओवर में 61 रन खर्च कर दिए थे। उनकी इकॉनमी रेट 15.25 की रही थी। श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 260/6 का स्कोर बना दिया था। जवाब में केन्या की टीम सिर्फ 88 रन पर ऑलआउट हो गई थी। श्रीलंका को 172 रन से जीत मिली थी।
#4
स्टुअर्ट ब्रॉड (60 रन)
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने साल 2007 के टी-20 विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ 4 ओवर में 60 रन खर्च कर दिए थे। उनकी इकॉनमी रेट 15 की रही थी। इसी मुकाबले में युवराज सिंह ने ब्रॉड के खिलाफ 6 गेंदों पर 6 छक्के जड़े थे। भारत ने 218/4 का स्कोर बनाया था। जवाब में इंग्लैंड की टीम 18 रन से मुकाबला हार गई थी।