वनडे क्रिकेट: वेस्टइंडीज के खिलाफ इन भारतीय बल्लेबाजों ने जड़े हैं सबसे ज्यादा शतक
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के बीच वनडे में कई रोमांचक मुकाबले हुए हैं। दोनों टीमों के बीच कई बल्लेबाजों ने अपने शानदार प्रदर्शन से खास पहचान बनाई है। भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो कुछ खिलाड़ियों ने वेस्टइंडीज के खिलाफ कई शतकीय पारियां खेली। इन बल्लेबाजों ने अलग-अलग दौर में अपनी शानदार बल्लेबाजी से टीम के लिए अहम योगदान दिया। ऐसे में आइए वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।
#1
विराट कोहली (9 शतक)
इस सूची में पहले स्थान पर भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली हैं।
उन्होंने साल 2009 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला वनडे मुकाबला खेला था। अब तक इस टीम के खिलाफ वह 43 मैच खेल चुके हैं और इसकी 41 पारियों में 66.50 की औसत से 2,261 रन बनाने में सफल रहे हैं।
इस दौरान उनके बल्ले से 9 शतक और 11 अर्धशतक निकले हैं।
उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 157 रन रहा है।
#2
सचिन तेंदुलकर (4 शतक)
दूसरे स्थान पर भारत के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला मैच साल 1991 में खेला था।
आखिरी बार वह इस टीम के खिलाफ 2011 में खेलते हुए नजर आए थे।
इस दौरान तेंदुलकर ने 39 मुकाबले खेले और इसकी 39 पारियों में 4 शतक लगाने में सफल रहे। उनके बल्ले से 11 अर्धशतक भी निकले।
तेंदुलकर ने 52.43 की औसत से 1,573 रन बनाए और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 141 रन रहा।
#3
युवराज सिंह, रोहितड शर्मा और राहुल द्रविड़ (3-3 शतक)
तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से 3 भारतीय बल्लेबाज हैं। युवराज सिंह, रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में 3-3 शतक लगाए हैं।
युवराज ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 31 मैचों की 27 पारियों में 37.61 की औसत से 978 रन बनाए हैं।
रोहित के बल्ले से 35 पारियों में 57.60 की औसत से 1,613 रन निकले हैं।
वहीं, द्रविड़ ने 40 मैचों की 38 पारियों में 42.12 की औसत से 1,348 रन बनाए थे।
#4
वीरेंद्र सहवाग, शिखर धवन और कृष्णमाचारी श्रीकांत (2-2 शतक)
चौथे नंबर पर भी संयुक्त रूप से 3 भारतीय हैं। वीरेंद्र सहवाग, शिखर धवन और कृष्णमाचारी श्रीकांत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में 2-2 शतक लगाए थे।
सहवाग के बल्ले से 27 मैचों की 27 पारियों में 33.44 की औसत से 836 रन निकले थे।
शिखर धवन ने 31 मैचों की 30 पारियों में 34.89 की औसत से 1,012 रन बनाए थे। श्रीकांत 34 मैचों की 34 पारियों में 24.48 की औसत से 808 रन बनाने में सफल रहे थे।