टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी
क्या है खबर?
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ कई दिग्गज कप्तानों ने अपनी टीम की कमान संभाली है। इस दौरान कई कप्तानों ने भारतीय टीम के खिलाफ लंबे समय तक नेतृत्व करते हुए अपनी पहचान बनाई है। कुछ खिलाड़ी तो भारत के खिलाफ लगातार कई टेस्ट मैचों में कप्तान रहे हैं। ऐसे में आइए टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ियों पर एक नजर डालते हैं।
#1
क्लाइव लॉयड (20 टेस्ट)
पहले स्थान पर वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज क्लाइव लॉयड हैं।
उन्होंने 1974 में पहली बार भारत के खिलाफ कप्तानी की थी और 1983 में आखिरी बार इस टीम के खिलाफ कप्तान के रूप में मैदान पर उतरे।
उन्होंने भारत के खिलाफ 20 मैचों में कप्तानी की, जिसमें वेस्टइंडीज ने 10 मुकाबले जीते, जबकि 7 ड्रॉ रहे।
वहीं, खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने भारत के खिलाफ 28 मैचों की 44 पारियों में 58.60 की औसत से 2,344 रन बनाए।
#2
इमरान खान और ग्रीम स्मिथ (15-15 टेस्ट)
दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान और दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ हैं। दोनों ने 15-15 मैचों में भारत के खिलाफ कप्तानी की थी।
इमरान ने भारत के खिलाफ 4 मुकाबले जीते जबकि किसी मैच में टीम को हार नहीं मिली। 11 टेस्ट ड्रॉ थे।
स्मिथ ने 6 मैच जीते थे और 5 में उन्होंने हार झेली थी।
इमरान 1982 से 1989 तक कप्तान थे। स्मिथ ने 2004 से 2013 तक कप्तानी की थी।
#3
एलिस्टेयर कुक (14 टेस्ट)
इस सूची में तीसरे स्थान पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और दिग्गज सलामी बल्लेबाज एलिस्टेयर कुक हैं।
उन्होंने 2012 से 2016 तक भारत के खिलाफ कप्तानी की। इस दौरान इंग्लैंड ने 14 टेस्ट खेले, जिसमें 5 मैचों में टीम को जीत मिली। वहीं, 6 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा।
3 मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए।
बतौर खिलाड़ी कुक ने भारत के खिलाफ 30 टेस्ट मैच खेले। उन्होंने 54 पारियों में 47.66 की औसत से 2,431 रन बनाए।
#4
जो रूट और अर्जुन राणातुंगा (13-13 टेस्ट)
चौथे स्थान पर संयुक्त रूप से 2 दिग्गज हैं। अर्जुन राणातुंगा ने 1990 से 1999 तक भारत के खिलाफ 13 मैचों में कप्तानी की।
इस दौरान टीम को 5 मुकाबलों में हार मिली थी। वहीं, 8 मैच ड्रॉ रहे थे। वह एक मैच भी नहीं जीत पाए थे।
वहीं, जो रूट ने भी 2018 से 2021 तक 13 मैचों में कप्तानी की थी। उन्हें 6 मैचों में जीत और 6 मैचों में हार मिली थी। एक मैच ड्रॉ रहा था।