
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे महंगे ओवर फेंकने वाले भारतीय गेंदबाजों पर एक नजर
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच एजबेस्टन टेस्ट में इंग्लैंड के जेमी स्मिथ ने प्रसिद्ध कृष्णा के 1 ओवर में 23 रन जड़ दिए। उन्होंने केवल 80 गेंदों में शतक पूरा कर भारतीय गेंदबाजी की कमर तोड़ दी। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में किसी भी भारतीय गेंदबाज द्वारा फेंका गया यह चौथा सबसे महंगा ओवर है। ऐसे में आइए भारतीय गेंदबाजों द्वारा किए गए सबसे महंगे ओवर पर एक नजर डाल लेते हैं।
#1
हरभजन सिंह (27 रन बनाम पाकिस्तान)
इस सूची में पहले स्थान पर हरभजन सिंह हैं। उन्होंने साल 2005 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ लाहौर में खेले गए टेस्ट मैच में 1 ओवर में 27 रन लुटा दिए थे। शाहिद अफरीदी ने उनके खिलाफ 6 गेंदों पर 6, 6, 6, 6, 2 और 1 के स्कोर बनाए थे। हरभजन ने उस पारी में 34 ओवर गेंदबाजी की थी और 5 मेडन ओवर के साथ 176 रन खर्च किए थे। उन्हें एक भी सफलता नहीं मिली थी।
#2
मुनाफ पटेल (25 रन बनाम वेस्टइंडीज)
दूसरे स्थान पर भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज मुनाफ पटेल हैं। उन्होंने साल 2006 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ टेस्ट मैच में 1 ओवर में 25 रन खर्च कर दिए थे। मुनाफ के खिलाफ ओवर में 4, 4, 4, 4, 4 नो-बॉल, 4 और 0 के स्कोर बने थे। उस ओवर का सामना रामनरेश सरवन कर रहे थे। मुनाफ ने उस पारी में 32 ओवर में 4 मेडन ओवर के साथ 134 रन देकर 3 विकेट लिए थे।
#3
कर्ण शर्मा (24 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया)
तीसरे स्थान पर स्पिन गेंदबाज कर्ण शर्मा हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ साल 2014 में 1 ओवर में 24 रन दे दिए थे। उनके खिलाफ 3 छक्के और 1 चौका लगा था। बल्लेबाजों ने 1 बार 2 रन भी किए थे। उस पारी में कर्ण ने 16 ओवर गेंदबाजी की थी और 2 मेडन ओवर के साथ 95 रन देकर 2 विकेट लिए थे। उस मैच को ऑस्ट्रेलिया टीम ने 48 रन से जीता था।
#4
प्रसिद्ध कृष्णा (23 रन बनाम इंग्लैंड)
चौथे स्थान पर अब कृष्णा आ गए हैं। इंग्लैंड की पहली पारी के 32वें ओवर में स्मिथ ने उनके खिलाफ 4 चौके और 1 छक्का लगाया। ओवर में सिर्फ 1 गेंद डॉट थी। इस ओवर में 1 अतिरिक्त रन भी आया। एक समय इंग्लैंड के 5 बल्लेबाज 84 रन पर पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद स्मिथ और हैरी ब्रूक ने इंग्लैंड की पारी संभाली और भारतीय गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई।