Page Loader
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों द्वारा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में  किए गए सबसे महंगे ओवरों पर एक नजर 
मिचेल स्टार्क ने शर्मनाक रिकॉर्ड बनाया (तस्वीर: एक्स/@ICC)

ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों द्वारा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में  किए गए सबसे महंगे ओवरों पर एक नजर 

Sep 28, 2024
10:57 am

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बीच खेले गए चौथे वनडे में मिचेल स्टार्क के 1 ओवर में लियाम लिविंगस्टोन ने 28 रन जड़ दिए। यह ऑस्ट्रेलिया के वनडे क्रिकेट इतिहास का सबसे महंगा ओवर साबित हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 39 ओवर के मैच में 319 रन बनाए थे। जवाब में कंगारू टीम 126 रन ही बना पाई। ऐसे में आइए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया द्वारा किए गए सबसे महंगे ओवर पर नजर डालते हैं।

#1

ग्लेन मैक्सवेल (30 रन, टी-20 अंतरराष्ट्रीय) 

साल 2023 में किसी भी प्रारूप में ग्लेन मैक्सवेल 1 ओवर में सबसे ज्यादा रन देने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बने थे। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ उन्होंने पारी के आखिरी ओवर में 30 रन लूटा दिए थे। रुतुराज गायकवाड ने तिलक वर्मा के साथ मिलकर मैक्सवेल के ओवर में 3 छक्के और 2 चौका जमाया था। पहले 3 गेंदों पर 14 रन और आखिरी 3 गेंदों पर 16 रन आए थे। रुतुराज ने उस मुकाबले में शतक भी जड़ा था।

#2

मिचेल स्टार्क (29 रन, टी-20 अंतरराष्ट्रीय) 

साल 2024 के टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम के खिलाफ मैच में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी रही थी, क्योंकि उन्होंने विराट कोहली को जल्दी आउट कर दिया था। हालांकि, इसके बाद रोहित शर्मा ने स्टार्क को आड़े हाथों लिया। उन्होंने तीसरे ओवर में स्टार्क की गेंदों पर 4 छक्के और 1 चौका जड़ दिया था। कुल मिलाकर, स्टार्क ने उस ओवर में 29 रन दे दिए थे। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में स्टार्क का यह सबसे महंगा ओवर था।

#3

मिचेल स्टार्क (28 रन, वनडे क्रिकेट) 

इस सूची में तीसरे स्थान पर भी स्टार्क ही हैं। शुक्रवार की रात खेले गए वनडे मैच में लिविंगस्टोन ने स्टार्क के ओवर में 4 छक्के और 1 चौका लगाया था। स्टार्क ने जेवियर डोहर्टी, कैमरून ग्रीन और एडम जैम्पा का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इन सभी गेंदबाजों ने वनडे क्रिकेट के 1 ओवर में 26-26 रन लुटाए थे। स्टार्क ने मैच में 8 ओवर गेंदबाजी की और 70 रन खर्च किए। उन्हें एक भी सफलता नहीं मिल पाई।

#4

एडम जैम्पा (28 रन, टी-20 अंतरराष्ट्रीय)

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी आंद्रे रसेल ने इसी साल कंगारू टीम के स्पिन गेंदबाज जैम्पा को 1 ओवर में 28 रन जड़ दिए थे। ओवर की पहली गेंद पर रसेल ने छक्का, दूसरी गेंद पर कोई रन नहीं बना, तीसरी गेंद पर चौका, चौथी गेंद पर छक्का, पांचवीं और छठी गेंद पर फिर छक्का जड़ दिया था। यह मुकाबले का 19वां ओवर था। रसेल ने उस मैच में 29 गेंदों में 71 रन बनाए थे।