Page Loader
टी-20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा शिकार करने वाले विकेटकीपर 
महेंद्र सिंह धोनी टी-20 विश्व कप में सबसे सफल विकेटकीपर हैं (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा शिकार करने वाले विकेटकीपर 

May 24, 2024
04:19 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2024 1 जून से अमेरिका और वेस्टइंडीज की संयुक्त मेजबानी में खेला जाना है। यह संस्करण इसलिए खास होने जा रहा है क्योंकि इसमें 20 टीमें हिस्सा लेने वाली है। पहली बार इस टूर्नामेंट का आयोजन साल 2007 में हुआ था। उस समय भारतीय क्रिकेट टीम ने ट्रॉफी अपने नाम की थी। टीम के कप्तान विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी थे। आइए टी-20 विश्व कप के इतिहास के सबसे शानदार विकेटकीपर के बारे में जानते हैं।

#1

महेंद्र सिंह धोनी 

टी-20 विश्व कप के सबसे सफल विकेटकीपर धोनी हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 32 शिकार किए हैं। उनके नाम 21 कैच है और उन्होंने 11 खिलाड़ियों को स्टंप आउट किया है। पहली बार वह साल 2007 के विश्व कप ने नजर आए थे। उन्होंने अपना आखिरी मुकाबला 2016 के टी-20 विश्व कप में खेला था। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 36 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 35.26 की औसत और 123.88 की स्ट्राइक रेट से 529 रन बनाए हैं।

#2

कामरान अकमल 

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल ने टी-20 विश्व कप में 30 शिकार किए हैं। उनके नाम 12 कैच है और उन्होंने 18 खिलाड़ियों को स्टंप आउट किया है। इस टूर्नामेंट में कामरान ने अपना पहला मुकाबला साल 2007 में खेला था। वह आखिरी बार 2014 के टी-20 विश्व कप में नजर आए थे। उन्होंने 30 मैच की 28 पारियों में 20.96 की औसत और 115.92 की स्ट्राइक रेट से 524 रन बनाए हैं।

#3

दिनेश रामदीन 

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के दिनेश रामदीन इस मामले में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने टी-20 विश्व कप में 27 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया था। उन्होंने 18 कैच लपके हैं और 9 खिलाड़ियों को स्टंप आउट किया है। रामदीन टी-20 विश्व कप जीतने वाली टीम के सदस्य भी थे। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 29 मैच खेले थे और इसकी 17 पारियों में 6.66 की बेहद खराब औसत के साथ सिर्फ 80 रन बनाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 18 रन था।

#4

कुमार संगाकारा 

श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी कुमार संगाकारा इस मामले में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने टी-20 विश्व कप में 26 शिकार किए थे। उन्होंने 12 कैच लपके थे और 14 खिलाड़ियों को स्टंप आउट किया था। साल 2014 में यह खिलाड़ी ट्रॉफी जीतने वाली टीम का सदस्य भी था। संगाकार ने 31 मैच की 30 पारियों में 25.42 की औसत और 112.22 की स्ट्राइक रेट से 661 रन बनाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 68 रन था।