अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इन बल्लेबाजों ने बनाए हैं सबसे ज्यादा 50+ के स्कोर
क्या है खबर?
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी बल्लेबाज की महानता का अंदाजा सिर्फ उसके शतकों से नहीं लगाया जाता, बल्कि लगातार रन बनाने की उसकी क्षमता भी उसे खास बनाती है। कुछ बल्लेबाज ऐसे हैं, जिन्होंने सभी प्रारूपों में अपनी निरंतरता से गेंदबाजों के सामने बड़ी चुनौती पेश की है। इन्होंने अपने करियर में शतकों के साथ-साथ अर्धशतकों का भी अंबार लगाया है। ऐसे में आइए उन बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा 50+ के स्कोर बनाए हैं।
#1
सचिन तेंदुलकर (264 बार)
साल 1989 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने वाले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर इस सूची में शीर्ष पर हैं।
उन्होंने अपने करियर में 664 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले और इसकी 782 पारियों में 264 बार 50+ के स्कोर बनाए।
इसमें 100 शतक और 164 अर्धशतक शामिल रहे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 248 रन रहा। वह 74 पारियों में नाबाद लौटे।
तेंदुलकर ने 2013 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लिया। उनकी बल्लेबाजी औसत 48.52 की रही।
#2
विराट कोहली (235 बार)
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज विराट कोहली इस सूची में दूसरे पायदान पर हैं।
साल 2008 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले कोहली ने अब तक 565 मुकाबले खेले हैं और इसकी 632 पारियों में उन्होंने 235 बार 50+ के स्कोर बनाए हैं।
इस दौरान उनके बल्ले से 86 शतक और 148 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 254 रन रहा है।
वह 92 पारियों में नाबाद भी रहे हैं और उनकी बल्लेबाजी औसत 52.82 की रही है।
#3
रिकी पोंटिंग (217 बार)
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज रिकी पोंटिंग इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।
वह साल 1995 से 2012 तक अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले और अपने करियर में 560 मैचों का हिस्सा रहे। इसकी 668 पारियों में पोंटिंग ने 45.95 की औसत से बल्लेबाजी करते हुए 217 बार 50+ के स्कोर बनाए।
उनके बल्ले से 71 शतक और 146 अर्धशतक निकले। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 257 रन रहा, जबकि वह 70 पारियों में नाबाद लौटे।
#4
कुमार संगाकारा (216 बार)
श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और कप्तान कुमार संगाकारा इस सूची में चौथे स्थान पर हैं।
उन्होंने साल 2000 से 2015 तक 594 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे। इसकी 666 पारियों में 216 बार वह 50+ के स्कोर बनाने में सफल रहे थे।
इस दौरान उन्होंने 63 शतक और 153 अर्धशतक लगाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 319 रन रहा था।
अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में इस बल्लेबाज ने 46.77 की औसत से बल्लेबाजी की थी।