मोहम्मद सिराज के समर्थन में उतरे गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल, वापसी पर दिया बड़ा बयान
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने हालिया खराब प्रदर्शन के बावजूद मोहम्मद सिराज की काबिलियत का समर्थन किया है। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे और आखिरी टेस्ट से पहले सिराज को खुद में सुधार करने और अपनी जिम्मेदारी लेने की सलाह दी। हेग्ले ओवल में सीरीज के निर्णायक मुकाबले से पहले मोर्कल ने सिराज को 'विश्वस्तरीय गेंदबाज' बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि टीम में चयन से जुड़े फैसले किसी एक खिलाड़ी के नियंत्रण में नहीं होते।
बयान
मोर्कल ने क्या कहा?
मोर्कल ने कहा, "सिराज अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। वह मेरे लिए विश्वस्तरीय गेंदबाज हैं। कभी-कभी टीम चयन से जुड़े फैसले काफी मुश्किल होते हैं। मैंने उनसे बात करते हुए कहा कि हमें थोड़ा पीछे हटकर सोचना होगा कि हम अभी कहां खड़े हैं, किन चीजों में सुधार की जरूरत है और बेहतर कैसे बन सकते हैं। चयन हमारे नियंत्रण में नहीं है। ऐसे में अपनी जिम्मेदारी लेना और उस पर काम करना जरूरी है।"
चुनौती
हम WTC फाइनल खेलना चाहते हैं- मोर्कल
मोर्कल ने माना कि भारतीय टीम के सामने चुनौती काफी कठिन है, लेकिन उन्होंने खिलाड़ियों से अंक तालिका के दबाव में आने के बजाय अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने पर ध्यान देने को कहा।
उन्होंने आगे कहा, "टीम के सभी खिलाड़ी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल में खेलना चाहते हैं और इसके लिए हर संभव प्रयास करेंगे। हालांकि, अगर हम वास्तविक स्थिति को देखें तो यह चुनौती आसान नहीं होने वाली है।"
खराब
हमें बस अपना सर्वश्रेष्ठ खेल खेलना है- मोर्कल
मोर्कल ने आगे कहा, "हर खराब सत्र के बाद हमें उन चीजों में उलझने के बजाय आगे बढ़ने पर ध्यान देना होगा, जिन्हें हमें करना है। हमें सिर्फ अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने और समस्याओं का समाधान खोजने पर ध्यान देना चाहिए। इसके बाद उसी दिशा में आगे बढ़ना होगा। हम इस बात पर काफी चर्चा करेंगे कि मुकाबले को सत्र के हिसाब से बांटकर कैसे खेलना है और किस तरह अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेल सकते हैं।"
अपील
मोर्कल ने गेंदबाजों को और आक्रामक होने को कहा
मोर्कल ने अपने तेज गेंदबाजों से हरी पिच पर नई कूकाबुरा गेंद से ज्यादा आक्रामक गेंदबाजी करने की अपील की।
उन्होंने कहा, "जब गेंद नरम हो जाती है और पिच की रफ्तार भी कुछ कम हो जाती है तो गेंदबाजी मुश्किल हो जाती है। कूकाबुरा गेंद से 16 साल खेलने के अनुभव से कह सकता हूं कि नई गेंद का पूरा फायदा उठाना जरूरी है। सही जगह गेंद डालनी होगी और लेंथ व लाइन में थोड़ा साहस दिखाना होगा।"