मोहम्मद शमी का छलका दर्द, टीम में वापसी और विश्व कप खेलने पर दिया ये बयान
क्या है खबर?
टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने कहा है कि वह 2027 वनडे विश्व कप या 2028 टी-20 विश्व कप के बारे में नहीं सोच रहे। उनका पूरा ध्यान अपने खेल, लय बनाए रखने और घरेलू क्रिकेट के साथ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में लगातार खेलने पर है। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि उन्होंने ऐसे मौकों की गिनती करना छोड़ दिया है। भविष्य में टीम में चयन को लेकर भी वो ज्यादा नहीं सोचते हैं।
बयान
शमी ने क्या कहा?
शमी ने क्रिकइंफो को दिए गए एक बयान में कहा, "मैंने अब इन सभी चीजों की गिनती करना छोड़ दिया है। फिलहाल मेरा ध्यान अपने खेल पर है। चयनकर्ता जो भी फैसला लेंगे, वह बेहतर ही होगा। मेरी तरफ से बस इतना है कि खेलना जारी रखूं, अपनी लय बनाए रखूं और कम से कम राज्य की टीम और IPL के लिए क्रिकेट खेलता रहूं।"
शमी अभी बंगाल क्रिकेट टीम के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रहे हैं।
प्रेरणा
घरेलू क्रिकेट खेलने को लेकर ये बोले शमी
घरेलू क्रिकेट खेलते रहने की प्रेरणा के बारे में पूछे जाने पर शमी ने कहा, "जब तक आपको क्रिकेट पसंद है और आप इसका आनंद ले रहे हैं तब तक आपको खेलते रहना चाहिए। मेरी प्रेरणा भी यही है कि मैं अब भी क्रिकेट का लुत्फ उठा रहा हूं।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे उम्मीद है कि राज्य की टीम के लिए खेलते हुए कुछ युवा खिलाड़ी मुझसे सीखेंगे और कुछ नया हासिल करेंगे।"
अनुभव
अनुभव साझा करना बेहद जरूरी- शमी
शमी ने अपने बयान में आगे कहा, "किसी भी खेल में अनुभव बहुत मायने रखता है। मेरा मानना है कि आप किसी भी स्तर पर खेल रहे हों आपको युवा खिलाड़ियों को कुछ न कुछ सिखाना और अपना अनुभव साझा करना चाहिए। इस टूर्नामेंट में मेरे खेलने का और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास को कोई भी संबंध नहीं है। मैं पहले ही कह चुका हूं कि सफेद गेंद से क्रिकेट खेलना जारी रखूंगा।"
जरूरत
जरूरत पड़ने पर लाल गेंद की क्रिकेट भी खेलूंगा- शमी
शमी ने आगे कहा, "जरूरत पड़ने पर फिटनेस बनाए रखने के लिए लाल गेंद से भी क्रिकेट खेलूंगा। इसलिए यह मेरे लिए कोई नया अनुभव नहीं है। पिछले 15-20 वर्षों से मैं इसी दिनचर्या का पालन करता आ रहा हूं।"
बता दें, शमी ने 6 नवंबर को टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। अपने टेस्ट करियर में उन्होंने 64 मुकाबले खेले। इस दौरान 122 पारियों में 229 विकेट लिए।
IPL में इस बार वे राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलेंगे।