मोहम्मद शमी 100 प्रथम श्रेणी मैच खेलने वाले गेंदबाज बने, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपने 100 मैच पूरे किए। मौजूदा दौर के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक शमी ने दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में यह उपलब्धि हासिल की। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में ईस्ट जोन का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने साउथ जोन के खिलाफ ये मुकाम हासिल किया। उनका प्रथम श्रेणी करियर शानदार रहा है। आइए इस पर एक नजर डालते हैं।
आंकड़े
ऐसा है शमी का प्रथम श्रेणी करियर
दलीप ट्रॉफी फाइनल से पहले तक शमी ने 187 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 26.30 की शानदार औसत से 382 विकेट लिए हैं।
इस बीच उन्होंने 15 पारियों में 5 विकेट हॉल लेने का कारनामा भी किया।
2 मैचों में उन्होंने 10 या उससे ज्यादा विकेट भी लिए हैं। वहीं, एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 90 रन पर 8 विकेट लेना रहा है।
शमी ने नवंबर 2010 में अपना प्रथम श्रेणी डेब्यू किया था।
करियर
शमी ने भारत से खेले हैं 64 टेस्ट
शमी ने 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था।
10 साल से ज्यादा के अपने करियर में वह भारत की कई यादगार जीत में हिस्सा रहे हैं।
अब तक शमी ने 64 टेस्ट में 27.71 की औसत से 229 विकेट लिए हैं।
उन्होंने 12 बार एक पारी में 4 विकेट और 6 बार 5 विकेट लिए हैं। हालांकि, 36 साल के इस तेज गेंदबाज ने भारत के लिए आखिरी बार जून 2023 में रेड-बॉल क्रिकेट खेला था।
ट्विटर पोस्ट
Twitter Post
A special century! 💯
— BCCI Domestic (@BCCIdomestic) September 6, 2026
Congratulations to Mohd. Shami as he plays his 100th first-class match 👏#DuleepTrophy | #EZvSZ | @MdShami11 pic.twitter.com/MUjLZLXcP2
बयान
शमी ने CAB का आभार किया व्यक्त
मैच से पहले, शमी ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'इस खास उपलब्धि पर मुझे सम्मानित करने के लिए मैं CAB का सचमुच आभारी हूं। साथ ही मैं अपने परिवार, दोस्तों, कोच, टीम के साथियों, समर्थकों और उन सभी लोगों का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं जो इस सफर में मेरे साथ रहे और मुझे समर्थन दिया।"
सम्मानित
CAB ने शमी को किया सम्मानित
CAB ने शमी के 100वें मैच से पहले उन्हें सम्मानित किया और खास तौर पर तैयार की गई नंबर 100 वाली जर्सी और एसोसिएशन के प्रेसिडेंट सौरव गांगुली के साइन वाली क्रिकेट बॉल दी।
CAB के कोषाध्यक्ष संजय दास ने इस अवसर पर कहा, "शमी बंगाल क्रिकेट की शान और एक महान खिलाड़ी हैं। एक अहम पड़ाव पूरा करने पर राज्य एसोसिएशन की ओर से यह एक छोटा सा सम्मान है।"