Page Loader
मोहम्मद रिजवान बनाम सूर्यकुमार यादव: टी-20 में इस साल कैसा रहा है दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन?
23 अक्टूबर को आमने-सामने होंगे रिजवान और सूर्यकुमार (तस्वीर: ट्विटर/ICC)

मोहम्मद रिजवान बनाम सूर्यकुमार यादव: टी-20 में इस साल कैसा रहा है दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन?

Oct 22, 2022
08:16 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2022 में भारतीय क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 23 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। इस मैच में सबकी नजरें भारत के सूर्यकुमार यादव पर रहेंगी, जो पूरे साल बेहतरीन प्रदर्शन किया है। दूसरी तरफ पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान भी अपनी टीम के लिए अहम साबित हो सकते हैं। वह पिछले कुछ समय से अपनी टीम के प्रमुख बल्लेबाज बने हुए हैं। इस बीच सूर्यकुमार और रिजवान के इस साल के प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।

सूची

इस साल सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं रिजवान

मोहम्मद रिजवान के लिए टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पिछले दो साल शानदार बीते हैं। उन्होंने इस साल अब तक 23 मैचों में 54.73 की उम्दा औसत से सर्वाधिक 821 रन बना लिए हैं। वहीं 23 मैचों में 801 रन के साथ सूर्यकुमार इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। Cricinfo के अनुसार सूर्यकुमार किसी एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं।

आंकड़े

रिजवान ने बनाए सर्वाधिक 50 से अधिक के स्कोर

रिजवान ने इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में नौ स्कोर, पचास से अधिक किए हैं, जो फिलहाल सबसे अधिक है। हालांकि, इस साल अभी तक शतक नहीं बना सके हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर इंग्लैंड के खिलाफ (88*) आया था। वहीं सूर्यकुमार ने इस साल सात पचास से अधिक स्कोर किए हैं। उन्होंने इस साल इंग्लैंड के खिलाफ एक शतक के साथ छह अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने उस मैच में 55 गेंदों में 117 रन की पारी खेली थी।

चौके और छक्के

चौके और छक्कों में सूर्यकुमार का रहा दबदबा

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सूर्यकुमार ने इस साल सबसे ज्यादा छक्के (51) लगाए हैं। पूर्ण-सदस्य टीम के खिलाड़ियों में वेस्टइंडीज के रोवमैन पॉवेल 39 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। इस बीच रिजवान ने इस साल फिलहाल 19 छक्के लगा लिए हैं। वहीं अगर चौकों की बात करें तो भी सूर्यकुमार (68) इस साल सबसे आगे हैं जबकि रिजवान ने 63 चौके लगाए हैं, जो पूर्ण सदस्य टीम में दूसरे स्थान पर हैं।

टी-20 क्रिकेट

इस साल टी-20 क्रिकेट में दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन

पाकिस्तान सुपर लीग में मुल्तान सुल्तांस की अगुवाई करने वाले रिजवान के नाम इस साल टी-20 में सबसे ज्यादा रन 1,642 रन हैं। उन्होंने PSL 2022 में 12 मैचों में 546 रन बनाए थे। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में मुंबई इंडियंस (MI) से खेलने वाले सूर्यकुमार चोट के कारण IPL के पिछले सीजन में ज्यादा मैच नहीं खेल सके थे। उन्होंने इस साल अब तक 33 टी-20 मैचों में 1,140 रन बना लिए हैं।

अंतरराष्ट्रीय करियर

शानदार चल रहा है दोनों बल्लेबाजों का अंतरराष्ट्रीय करियर

रिजवान ने 73 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 52.34 की औसत और 128 की स्ट्राइक रेट से 2,460 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 22 अर्धशतक और एक शतक लगाया है। रिजवान की तुलना में सूर्यकुमार का अंतरराष्ट्रीय करियर काफी युवा है। सूर्यकुमार ने 34 मैचों में 38.70 की औसत और 176.81 की स्ट्राइक रेट से 1,045 रन बना लिए हैं। इस दौरान वह एक शतक और नौ अर्धशतक जड़ चुके हैं।