वैभव सूर्यवंशी को लेकर भारतीय टीम प्रबंधन की रणनीति पर इस दिग्गज ने उठाए सवाल
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने 15 वर्षीय युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लगातार मौके न देने की भारतीय टीम प्रबंधन की रणनीति पर सवाए उठाए हैं। भारत और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच जारी टी-20 सीरीज के दौरान सूर्यवंशी को चौथे मैच की प्लेइंग इलेवन से बाहर किए जाने पर कैफ ने गहरी निराशा व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि यह फैसला खिलाड़ी के आत्मविश्वास के लिहाज से बिल्कुल सही नहीं है।
सुपरस्टार
कैफ ने सूर्यवंशी को बताया भविष्य का सुपरस्टार
कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "वैभव सूर्यवंशी को लगातार मौके न मिलना उसके लिए अच्छी खबर नहीं है। वह एक संभावित सुपरस्टार है और आप देख चुके हैं कि वह क्या कर सकता है।"
उन्होंने कहा, "न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने 6 ओवर में ही 100 रन कूट दिए थे। किसी भी खिलाड़ी के आत्मविश्वास के लिए यह अच्छी खबर नहीं है, चाहे वह अनुभवी हो या युवा।"
आरोप
कैफ ने लगाया रणनीति में दोहरा रवैया अपनाने का आरोप
कैफ ने कहा, "चौथे टी-20 में सूर्यवंशी खिलाने का बेहतरीन मौका था क्योंकि भारत पहले ही सीरीज (3-0 से) अपने नाम कर चुका था। आपको सीरीज की स्थिति देखनी चाहिए थी।"
उन्होंने कहा, "एक तरफ आपने भुवनेश्वर कुमार को बाहर कर कहा कि आप नए खिलाड़ियों को लाएंगे। सूर्यवंशी भी नए हैं, तो उनके साथ अलग व्यवहार क्यों? जब आप मयंक यादव और प्रिंस यादव को बढ़ाने को तैयार हैं, तो उसी तर्क से सूर्यवंशी को भी खेलना चाहिए था।"
जानकारी
ईशान किशन को दिया जा सकता था आराम
कैफ ने कहा, "ईशान किशन चोट से उबरकर वापस आए और कीपिंग कर रहे थे। मेरा मानना है कि वह ज्यादा दौड़ना नहीं चाहते थे, शायद इसीलिए उन्हें ग्लव्स दिए गए। अगर ऐसा था, तो उन्हें आराम दिया जा सकता था।"
पक्ष
क्या है टीम प्रबंधन का पक्ष?
दूसरी तरफ, टीम प्रबंधन की रणनीति युवाओं को राष्ट्रीय टीम के माहौल का एक्सपोजर देने की तो है, लेकिन वे वरिष्ठता को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहते।
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर और सहायक कोच सितांशु कोटक पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि टीम में किसी बेहद प्रतिभाशाली युवा के होने का मतलब यह नहीं है कि अभिषेक शर्मा या संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों के योगदान को अनदेखा कर दिया जाए।