मोहम्मद आमिर ने IPL 2027 की नीलामी में शामिल होने से किया इनकार, दिया अहम बयान
क्या है खबर?
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 की नीलामी में शामिल होने की संभावनाओं को पूरी तरह खारिज कर दिया है। हाल ही में ब्रिटिश नागरिकता हासिल करने वाले 33 वर्षीय इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने स्पष्ट किया है कि वे दुनिया की इस सबसे अमीर और लोकप्रिय टी-20 लीग का हिस्सा बनने के लिए अपना पंजीकरण नहीं कराएंगे। IPL 2027 की नीलामी 16 दिसंबर को गोव में होने होने वाली है।
बयान
आमिर ने क्या दिया बयान?
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, आमिर ने दुबई में एक विशेष संदेश देते हुए उनके IPL नीलामी में शामिल होने की अटकलों पर विराम लगा दिया।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, "नहीं, मैं IPL 2027 की नीलामी के लिए पंजीकरण नहीं कर रहा हूं।"
बता दें कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए तीनों प्रारूप में कुल 159 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने और 271 विकेट चटकाने वाले आमिर अब विदेशी लीगों में एक ब्रिटिश नागरिक के रूप में खेल रहे हैं।
टूर्नामेंट
इन टूर्नामेंट्स में खेल रहे हैं आमिर
आमिर इंग्लैंड के 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट में ट्रेंट रॉकेट्स के लिए एक स्थानीय खिलाड़ी के रूप में खेले हैं।
उन्होंने अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (APL) के प्लेयर ड्राफ्ट में भी ब्रिटिश नागरिक के तौर पर पंजीकरण कराया है।
बता दें कि IPL 2027 की नीलामी के लिए विदेशी खिलाड़ियों के पंजीकरण कराने की विंडो 23 नवंबर को बंद हो रही है।
हालांकि, पंजीकरण कराने की छूट के बाद भी आमिर ने इसमें शामिल न होने का निर्णय किया है।
अफवाह
क्यों उड़ी थी आमिर के नीलामी में शामिल होने की अफवाह
राजनीतिक तनाव के कारण 2008 के पहले सीजन के बाद से किसी भी पाकिस्तानी खिलाड़ी को IPL में खेलने की अनुमति नहीं है।
हालांकि, पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर अजहर महमूद ने ब्रिटिश पासपोर्ट होने के नाते IPL खेला था।
चूंकि, आमिर को भी हाल ही में ब्रिटिश नागरिकता मिली है, इसलिए क्रिकेट जगत में यह अटकलें तेज थीं कि वे इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के माध्यम से एक ब्रिटिश खिलाड़ी के रूप में नीलामी में शामिल होंगे।