उस्मान ख्वाजा के सैंडपेपरगेट दावों पर भड़के मिचेल स्टार्क, CA का जांच दोबारा खोलने से इनकार
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में 8 साल पुराना सैंडपेपरगेट (गेंद से छेड़छाड़) विवाद एक बार फिर भूचाल लाया है। इसकी वजह ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की नई आत्मकथा 'सब्र' है, जिसमें उन्होंने एक पूरा अध्याय इस घटना पर समर्पित करते हुए दावा किया है कि टेस्ट टीम का हर खिलाड़ी इस योजना की जानकारी थी। डेविड वार्नर और चैड सेयर्स ने भी ख्वाजा के दावों समर्थन किया था। हालांकि, तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने इन दावों को खारिज कर दिया है।
बयान
स्टार्क ने मामले में क्या दिया बयान?
उस मैच में टीम का हिस्सा रहे स्टार्क ने कहा, "मैंने इस पर बहुत ज्यादा ध्यान नहीं दिया है, लेकिन 8 साल पहले हुई घटना पर सबकी अलग-अलग राय है। मेरा विचार आज भी नहीं बदला है। साल 2021 में हमने जो कहा था, मेरी यादें आज भी बिल्कुल वैसी हैं। जैसा कि हमारे संयुक्त बयान में कहा गया था, हम मैदान पर सैंडपेपर जैसी चीजें ले जाने की योजना से अनजान थे, और मैं अपनी बात यहीं खत्म करूंगा।"
किताब
ख्वाजा की किताब पर क्या बोले स्टार्क?
ख्वाजा ने अपनी किताब में यह भी आरोप लगाया था कि केपटाउन से पहले पोर्ट एलिजाबेथ (दूसरे टेस्ट) में भी सैंडपेपर का इस्तेमाल किया गया था।
इस पर हैरानी जताते हुए स्टार्क ने कहा, "पोर्ट एलिजाबेथ टेस्ट में भी ऐसा कुछ हुआ था, इस बात की जानकारी मुझे पहली बार तभी हुई जब ख्वाजा ने अपनी किताब में इसका जिक्र किया। अब यह उन लेखकों पर निर्भर करता है कि वे इसकी किस तरह से व्याख्या करते हैं।"
बयान
साल 2021 में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने क्या जारी किया था संयुक्त बयान?
उल्लेखनीय है कि साल 2021 में ऑस्ट्रेलिया के मुख्य गेंदबाजी चौकड़ी पैट कमिंस, स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन ने एक साझा आधिकारिक पत्र जारी किया था।
उसमें उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि वे गेंद के साथ छेड़छाड़ करने की किसी भी योजना में शामिल नहीं थे और न ही उन्हें इसकी कोई पूर्व जानकारी थी।
स्टार्क आज भी इसी बयान पर अडिग है, लेकिन ख्वाजा की किताब इन बयानों को पूरी तरह गलत साबित करती है।
निर्णय
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बंद की फाइल
इस बीच, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) टॉड ग्रीनबर्ग ने टीम के अन्य सदस्यों से बात करने के बाद स्पष्ट किया है कि इस घटना को लेकर सभी खिलाड़ियों के बयानों में लगातार विसंगतियां देखने को मिल रही हैं।
इसके चलते CA ने ख्वाजा के नए खुलासों के बावजूद इस मामले की जांच को दोबारा शुरू करने की संभावना को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। इस मामले में कोई दाेबारा जांच नहीं होगी।