मिचेल सैंटनर 150 टी-20 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले न्यूजीलैंड के तीसरे गेंदबाज बने, बनाए ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान मिचेल सैंटनर ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ चौथे टी-20 मैच में अहम उपलब्धि हासिल की। दरअसल, उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में अपने 150 विकेट पूरे किए। भारत के ऑलराउंडर नितीश रेड्डी उनका 150वां शिकार बने। इसके साथ ही वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 150 विकेट लेने वाले न्यूजीलैंड के तीसरे गेंदबाज बने। आइए उनके टी-20 प्रारूप के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
आंकड़े
150 विकेट वाले तीसरे कीवी गेंदबाज बने सैंटनर
सैंटनर अब टिम साउथी और ईश सोढ़ी की सूची में शामिल हुए हैं।
क्रिकइंफो के मुताबिक, सोढ़ी ने 142 मैचों में 23.01 की औसत के साथ 165 विकेट लिए हुए हैं।
पूर्व तेज गेंदबाज साउथी ने 126 मैचों में 22.38 की औसत के साथ 164 सफलताएं हासिल की।
सैंटनर अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 150 विकेट लेने वाले विश्व के कुल 10वें गेंदबाज बने।
उन्होंने विकेटों के मामले में बांग्लादेश के दिग्गज स्पिनर शाकिब अल हसन (149) को पीछे छोड़ा।
रिकॉर्ड
भारत के खिलाफ सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने सैंटनर
सैंटनर अब भारत के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने हैं।
उन्होंने भारतीय टीम के विरुद्ध अब तक 31 मैचों में लगभग 25 की औसत के साथ के साथ 32 विकेट लिए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 11 रन देते हुए 4 विकेट लेना रहा।
सैंटनर के बाद सोढ़ी ने भारत के खिलाफ 30 विकेट लिए थे। इंग्लैंड के क्रिस जॉर्डन ने भारत के विरुद्ध 24 विकेट चटकाए थे।