माइकल हसी बने ऑस्ट्रेलिया के सलाहकार कोच, इन बड़े टूर्नामेंट की जिम्मेदारी मिली
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने पूर्व दिग्गज बल्लेबाज माइकल हसी को 2027 एशेज और वनडे विश्व कप के लिए सलाहकार कोच नियुक्त किया है। इसके अलावा, वह 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक और ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में होने वाले टी-20 विश्व कप के लिए टी-20 सलाहकार की भूमिका भी निभाएंगे। हसी पहले भी ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ छोटी अवधि के लिए काम कर चुके हैं। हालांकि, कमेंट्री और लीग क्रिकेट में कोचिंग की व्यस्तताओं के कारण वह ज्यादा समय नहीं दे पाए।
कोच
इंग्लैंड की कोचिंग टीम में शामिल नहीं हुए हसी
इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड की टेस्ट टीम की जिम्मेदारी संभालने वाले स्टीफन फ्लेमिंग ने अपने पुराने सहयोगी हसी को कोचिंग टीम में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था।
हालांकि, उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकराकर ऑस्ट्रेलिया के साथ बड़ी जिम्मेदारी संभालने का फैसला किया।
उनकी नई भूमिका इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज से शुरू होगी। इसके बाद वह पर्थ में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारियों में भी मदद करेंगे।
बयान
हसी ने क्या कहा?
हसी ने अपनी नई जिम्मेदारी को लेकर उत्साह जताया है। उन्होंने कहा, "आने वाले सालों में टीम के साथ अधिक औपचारिक और अहम भूमिका में जुड़कर मैं बेहद उत्साहित हूं। इस टीम ने हाल के समय में काफी कुछ हासिल किया है। मुझे उम्मीद है कि आने वाला समय चुनौतीपूर्ण और रोमांचक होगा। ऐसे में मैं कोचिंग स्टाफ और खिलाड़ियों के समूह को अपना अनुभव देकर टीम के प्रदर्शन में उपयोगी योगदान दे सकूंगा।"
मुख्य कोच
ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने कही ये बात
ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने हसी का टीम में स्वागत करते हुए खुशी जताई।
उन्होंने कहा, "हसी पहले भी हमारे कोचिंग स्टाफ का अहम हिस्सा रहे हैं। उनके पास ऐसा कौशल और अनुभव है जो टीम के अन्य कोचों और खिलाड़ियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा। उन्होंने अलग-अलग प्रारूपों, प्रतियोगिताओं और देशों में खिलाड़ी व कोच के रूप में अपनी विशेषज्ञता साबित की है। इसके अलावा उनके व्यक्तिगत गुण भी टीम के लिए बेहद मूल्यवान हैं।"
जिम्मेदारी
इस सीरीज से शुरुआत करेंगे हसी
हसी की मुख्य जिम्मेदारी टी-20 प्रारूप में होगी। वह 2022 में मैथ्यू मॉट के साथ इंग्लैंड की टी-20 विश्व कप विजेता कोचिंग टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच मैकडोनाल्ड आराम करेंगे।
उनकी जगह सहायक कोच आंद्रे बोरोवेक टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे। हसी अपनी सलाहकार भूमिका की शुरुआत बोरोवेक और युवा खिलाड़ियों की टीम के साथ इसी सीरीज से करेंगे।