Page Loader
MI बनाम DC: जसप्रीत बुमराह ने IPL में पूरे किए अपने 150 विकेट, जानिए उनके आंकड़े 
जसप्रीत बुमराह ने लिए 2 विकेट (तस्वीर: एक्स/@IPL)

MI बनाम DC: जसप्रीत बुमराह ने IPL में पूरे किए अपने 150 विकेट, जानिए उनके आंकड़े 

Apr 07, 2024
07:16 pm

क्या है खबर?

मुंबई इंडियंस (MI) के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 20वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट चटकाए। इसके साथ ही उन्होंने अपने IPL करियर में 150 विकेटों का भी आंकड़ा छूआ। DC के शीर्षक्रम के बल्लेबाज अभिषेक पोरेल उनके लीग करियर का 150वां शिकार बने हैं। आइए उनके IPL करियर के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन

ऐसा रहा बुमराह का प्रदर्शन 

DC की पारी में दूसरा ओवर फेंकने आए बुमराह ने अपनी तेज गति और सटीक लाइन लेंथ से विपक्षी टीम के बल्लेबाजों को परेशान किया। उन्होंने अपने पहले ओवर में सिर्फ 4 रन दिए। इसके बाद बुमराह ने अपने दूसरे ओवर में अर्धशतक लगा चुके पृथ्वी शॉ (66) को बोल्ड कर दिया। उन्होंने पोरेल (41) के रूप में DC को एक और झटका दिया। उन्होंने अपने 4 ओवर में 22 रन देते हुए ये सफलताएं हासिल की।

मुकाम

IPL में 150 विकेट वाले 11वें गेंदबाज बने बुमराह 

अपना 124वां IPL मैच खेलते हुए बुमराह ने 150 विकेट पूरे किए। क्रिकइंफो के अनुसार, वह अब IPL इतिहास में 150 से अधिक विकेट लेने वाले 11वें गेंदबाज बने हैं। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले भुवनेश्वर कुमार के बाद सिर्फ दूसरे भारतीय और लसिथ मलिंगा व ड्वेन ब्रावो के बाद कुल मिलाकर तीसरे तेज गेंदबाज बने हैं। वह 150 से अधिक IPL विकेट लेने वाले 8वें भारतीय गेंदबाज भी हैं।

MI 

MI की ओर से 150 विकेट लेने वाले सिर्फ दूसरे गेंदबाज बने बुमराह 

बुमराह MI की ओर से 150 या अधिक विकेट लेने वाले सिर्फ दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। इस फ्रेंचाइजी के लिए उनसे ज्यादा विकेट सिर्फ मलिंगा ने चटकाए हैं। बता दें कि मलिंगा ने 122 मैचों में 19.79 की औसत के साथ 170 विकेट चटकाए थे। दिलचस्प रूप से IPL इतिहास में इन दोनों के अलावा सिर्फ सुनील नरेन ही एक फ्रेंचाइजी के लिए 150 से अधिक विकेट (166) ले चुके हैं।

करियर

बेमिसाल रहा है बुमराह का IPL करियर 

बुमराह ने अपना पहला IPL मुकाबला साल 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 124 मैच खेले हैं, जिसमें 23.18 की औसत से 150 विकेट लिए हैं। इस बीच उनकी इकॉनमी रेट 7.35 की रही है। इस खिलाड़ी ने 1 बार 5 विकेट हॉल लिया है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 10 रन देते हुए 5 विकेट लेना रहा है। IPL 2024 में उन्होंने 6.12 की इकॉनमी रेट से 5 विकेट ले लिए हैं।