Page Loader
हॉकी विश्व कप: तीन बार के चैंपियन नीदरलैंड की दूसरी जीत, न्यूजीलैंड को 4-0 से हराया
नीदरलैंड ने टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की (तस्वीर: ट्विटर/@FIH_Hockey)

हॉकी विश्व कप: तीन बार के चैंपियन नीदरलैंड की दूसरी जीत, न्यूजीलैंड को 4-0 से हराया

Jan 16, 2023
08:54 pm

क्या है खबर?

ओडिशा में आयोजित हो रहे हॉकी विश्व कप के चौथे दिन कई रोचक मुकाबले देखने को मिले। तीन बार की विश्व चैंपियन नीदरलैंड हॉकी टीम ने अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखते हुए सोमवार को न्यूजीलैंड को एकतरफा मुकाबले में 4-0 से हरा दिया। बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए पूल-C के इस अहम मुकाबले में ब्रिंकमैन थियरी ने दो शानदार गोल किए। आइये अन्य मैचों के परिणामों पर भी एक नजर डालते हैं।

नीदरलैंड

लगातार दो जीत के साथ अंत तालिका में शीर्ष पर नीदरलैंड

नीदरलैंड हॉकी टीम दो मैचों में दो जीत के साथ छह अंक बटोरकर अपने पूल में शीर्ष पर है। दूसरी ओर न्यूजीलैंड टीम के दो मैचों में एक जीत के साथ कुल तीन अंक हैं। टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर काबिज है। नीदरलैंड की ओर से थियरी ने मैच के दूसरे और 12वें मिनट में गोल किए। बिजेन ने 19वें और होडेमेकर्स त्जेप ने 54 मिनट में गोल किया।

मलेशिया बनाम चिली

मलेशिया ने चिली को 3-2 से हराया

एक अन्य मुकाबले में मलेशिया ने चिली को 3-2 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। चिली की ओर अमोरोसो जुआन मैच का पहला गोल (19वां मिनट) किया। टीम की ओर से दूसरा गोल 28वें मिनट में रोड्रिगेज मार्टिन ने दूसरा गोल किया। मलेशिया की ओर से मैच के 25वें मिनट में रहीम रजी ने गोल किया। इसके अलावा 40वें मिनट में हमसानी एशरन और 41वें मिनट में सुमन्ती नोरस्याफिक ने गोल किए।

अर्जेंटीना बनाम ऑस्ट्रेलिया

ड्रॉ पर समाप्त हुआ अर्जेंटीना और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला

अर्जेंटीना और ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबले में रोचक संघर्ष देखने को मिला, दोनों टीमों को पूरा जोर लगाने के बाद ड्रॉ (3-3) से संतोष करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया की ओर से हेवर्ड जेरेमी ने नौंवे मिनट में गोल कर टीम का खाता खोला। दूसरा गोल बील डेनियल ने 29वें और गोवर्स ब्लेक ने 57वें मिनट में किया। अर्जेंटीना के लिए डोमेन टॉमस ने 18वें और कैसेला मैको ने 32वें मिनट में गोल दागा। फरेरियो मार्टिन ने 48वें मिनट में गोल किया।

जानकारी

पाकिस्तान ने जीते हैं विश्व कप में सबसे ज्यादा खिताब

पहले पुरुष हॉकी विश्व कप का आयोजन 52 साल पहले 1971 में हुआ था। विश्व कप की इतिहास की सबसे सफल टीम पाकिस्तान की है, जिसने चार बार खिताब (1971, 1978, 1982 और 1994) जीता है। 2018 में आयोजित हुआ पिछला विश्व कप बेल्जियम ने जीता था। भारतीय हॉकी टीम ने अब तक एक बार 1975 में खिताबी जीत हासिल की थी। तब भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को 2-1 से हराया था।