Page Loader
टी-20 विश्व कप 2024: मार्कस स्टोइनिस और ट्रेविस हेड ने जड़े अर्धशतक, जानिए आंकड़े 
ट्रेविस हेड और मार्कस स्टोइनिस ने कमाल की पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप 2024: मार्कस स्टोइनिस और ट्रेविस हेड ने जड़े अर्धशतक, जानिए आंकड़े 

Jun 16, 2024
10:20 am

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2024 के 35वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ स्कॉटलैंड की टीम इंग्लैंड से पिछड़कर सुपर-8 की रेस से बाहर हो गई। एक समय लग रहा था कि स्कॉटलैंड मैच में बड़ा उलटफेर करेगी। हालांकि, ट्रेविस हेड (68) और मार्कस स्टोइनिस (59) की शानदार पारियों ने ऐसा कुछ होने नहीं दिया। ऐसे में आइए दोनों की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।

पारी

कैसी रही हेड की पारी?

हेड ने मैच में 49 गेंद का सामना किया और 68 रन बनाकर सफयान शरीफ की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने पारी के दौरान 5 चौके और 4 छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 138.78 की रही। एक समय 60 रन पर कंगारू टीम के 4 बल्लेबाज आउट हो गए थे। यहां से हेड और स्टोइनिस के बीच 44 गेंद में 80 रन की साझेदारी हुई और पूरा मैच बदल गया। हेड का टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह दूसरा अर्धशतक है।

बल्लेबाजी

कैसी रही स्टोइनिस की पारी?

स्टोइनिस ने सिर्फ 29 गेंद का सामना किया और 59 रन बनाक मार्क वॉट की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 2 छक्के लगाए। उनकी स्ट्राइक रेट 203.45 की रही। स्टोइनिस ने सिर्फ 25 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह टी-20 विश्व कप 2024 का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक रहा। इस विश्व कप में स्टोइनिस का बल्ला जमकर बोल रहा है। वह सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं।

ज्यादा

टी-20 विश्व कप 2024 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी 

स्टोइनिस टी-20 विश्व कप 2024 में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने अब तक 4 मुकाबले खेले हैं और इसकी 3 पारियों में 1 बार नाबाद रहते हुए 156 रन बनाए हैं। उनकी औसत 78 की रही है और उन्होंने 190.24 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 67* रन रहा है। पहले स्थान पर रहमानुल्लाह गुरबाज (167) हैं।

करियर

कैसा रहा है दोनों खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय करियर?

स्टोइनिस ने पहला टी-20 मुकाबला साल 2015 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने 63 मैच की 52 पारियों में 32.23 की औसत से 1,096 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 4 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 78 रन है। हेड ने 30 मुकाबले खेले हैं और 29 पारियों में 32.16 की औसत और 148.88 की स्ट्राइक रेट से 804 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 91 रन है।