मानव सुथार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गेंदबाजी करने को लेकर हैं उत्साहित, दिया अहम बयान
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम में भविष्य के सबसे बड़े स्पिन विकल्प के रूप में देखे जा रहे 24 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने आगामी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ गेंदबाजी करने को लेकर अपना उत्साह जाहिर किया है। हिंदुस्तान टाइम्स से खास बातचीत में सुथार ने लाल और सफेद गेंद के प्रारूपों में अपनी रणनीति, रविंद्र जडेजा के साथ साझेदारी और अपने क्रिकेट दर्शन पर खुलकर बात की है।
बयान
सुथार ने क्या दिया बयान?
अगले साल घरेलू मैदान पर होने वाली 5 टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से पहले सुथार और अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की स्पिन जोड़ी को लेकर काफी उम्मीदें जताई जा रही हैं।
सुथार ने इससे पहले श्रीलंका दौरे पर जडेजा के साथ गेंदबाजी करने का भरपूर आनंद लिया था।
सुथार ने कहा, "मैं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गेंदबाजी करने के लिए 100 प्रतिशत उत्साहित हूं। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगा। आगे चीजें कैसी रहती हैं, यह तो वक्त बताएगा।"
मंत्र
टेस्ट और टी-20 गेंदबाजी का अलग-अलग मंत्र
सुथार के अनुसार, टेस्ट क्रिकेट धैर्य का खेल है, जबकि टी-20 क्रिकेट बल्लेबाज की चाल को पहले से भांपने पर निर्भर करता है।
उन्होंने कहा, "किसी भी खिलाड़ी का सबसे बड़ा सपना भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना होता है। जब मुझे मौका मिला और जिस तरह से प्रदर्शन रहा, वह बेहद शानदार अहसास था। मैं जितना संभव हो सके निरंतरता बनाए रखने और हर समय एक ही टप्पे पर गेंदबाजी करने की कोशिश करता हूं।"
प्रदर्शन
सुथार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिखेर रहे जलवा
मौजूदा समय में सुथार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में राजस्थान की ओर से खेल रहे हैं, जहां उन्होंने अब तक 6 मैचों में 6.58 की शानदार इकॉनमी से 10 विकेट लिए हैं।
सफेद गेंद क्रिकेट पर उन्होंने कहा, "मेरा ध्यान जल्द से जल्द परिस्थितियों के अनुकूल ढलने पर होता है। अलग-अलग बल्लेबाजों की ताकत अलग होती है, इसलिए आपको अपनी लेंथ में बदलाव करना पड़ता है। यहां खेल बहुत तेजी से बदलता है, इसलिए शांत रहना सबसे जरूरी है।"