Page Loader
IPL 2024: लखनऊ सुपर जायंट्स ने लांस क्लूजनर को नियुक्त किया अपना सहायक कोच
लांस क्लूजनर बने लखनऊ सुपर जायंट्स के सहायक कोच (तस्वीर: एक्स/@LucknowIPL)

IPL 2024: लखनऊ सुपर जायंट्स ने लांस क्लूजनर को नियुक्त किया अपना सहायक कोच

Mar 02, 2024
12:05 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 17वां संस्करण 22 मार्च से शुरू होने वाला है। इसको लेकर सभी टीमों ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इस बीच लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर लांस क्लूजनर को अपना सहायक कोच नियुक्त किया है। वह टीम के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर के साथ खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने में सहयोग करेंगे। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।

घोषणा

LSG ने सोशल मीडिया के जरिए दी जानकारी

LSG ने क्लूजनर को अपने कोचिंग स्टॉफ में शामिल करने की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए दी है। टीम ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, 'लांस क्लूजनर IPL के आगामी सीजन के लिए सहायक कोच के रूप में हमारे साथ जुड़ गए हैं।' बता दें कि LSG का IPL में प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा है। पिछले सीजन टीम ने प्लेऑफ में जगह बनाई थी और तीसरे पायदान पर ही थी। उसने 14 में से 8 मैच जीते थे।

अनुभव

डरबन सुपर जाइंट्स के मुख्य कोच हैं क्लूजनर

क्लूजनर SA20 में डरबन सुपर जाइंट्स के मुख्य कोच हैं और उनकी कोचिंग में टीम ने इस सीजन में फाइनल में जगह बनाई थी। वह IPL में मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा रह चुके हैं। क्लूजनर 2023 में गुयाना अमेजन वॉरियर्स के मुख्य कोच भी थे, जब उन्होंने अपना पहला कैरेबियाई प्रीमियर लीग (CPL) खिताब जीता था। उन्होंने बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) और तमिलनाडु प्रीमियर लीग (TNPL) में भी कोचिंग का अनुभव है।

जानकारी

क्लूजनर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी है कोचिंग का अनुभव

क्लूजनर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी कोचिंग का अनुभव है। वह अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के साथ मुख्य कोच के रूप में काम कर चुके हैं। इसी तरह उन्होंने जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीमों के लिए कोचिंग स्टॉफ के रूप में भी काम किया है।