Page Loader
IPL 2022: हार के बाद अब दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत पर लगा जुर्माना
पंत और सरफराज (तस्वीर- Twitter/@DelhiCapitals)

IPL 2022: हार के बाद अब दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत पर लगा जुर्माना

Apr 08, 2022
11:14 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में बीते गुरुवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स (DC) को छह विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी और यह मौजूदा सीजन में उनकी लगातार दूसरी हार है। इसके अलावा भी DC के लिए बुरी खबर सामने आई है। दरअसल, DC के कप्तान ऋषभ पंत पर स्लो ओवर रेट के चलते 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

स्लो ओवर रेट

मौजूदा सीजन में दिल्ली की यह पहली गलती

IPL ने आधिकारिक वेबसाइट पर बयान जारी कर पंत पर लगाए गए जुर्माने की पुष्टि की। आयोजनकर्ताओं ने बयान में कहा, "DC पर जुर्माना लगाया गया है क्योंकि उन्होंने 7 अप्रैल को डीवाई पाटिल स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ स्लो ओवर-रेट बनाए रखा था। यह IPL की आचार संहिता के तहत न्यूनतम ओवर रेट अपराधों से संबंधित टीम का पहला अपराध था। DC के कप्तान ऋषभ पंत पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।"

जुर्माना

गलती दोहराने पर पंत पर लगेगा 24 लाख का जुर्माना

शुरुआती जुर्माने के बाद DC को आगे स्लो ओवर रेट का विशेष ध्यान रखा होगा। नियमों के अनुसार यदि DC की टीम अगले किसी मैच में आवश्यक ओवर रेट को बनाए रखने में विफल रहती है, तो कप्तान पंत पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ-साथ टीम के 10 अन्य खिलाड़ियों पर छह लाख रुपये या 25 प्रतिशत मैच फीस का दंड लगाए जाने के नियम हैं।

जानकारी

तीसरी बार गलती करने पर कप्तान पर लगता है एक मैच का प्रतिबंध

तीसरी बार अपराध दोहराने में क्षेत्ररक्षण कप्तान पर न केवल उसकी मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाएगा, बल्कि उस पर एक मैच का प्रतिबंध भी लगेगा। वहीं अन्य 10 खिलाड़ियों पर 12 लाख या उनकी मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाएगा।

लेखा-जोखा

छह विकेट से हारी दिल्ली

DC ने पॉवरप्ले में बिना विकेट के 52 रन बनाए और पृथ्वी ने अर्धशतक (64) लगाया। अच्छी शुरुआत के बाद DC ने 74 रन तक तीन विकेट खो दिए। आखिरी ओवरों में LSG की कसी हुई गेंदबाजी के सामने DC 149/3 का स्कोर ही बना सकी। जवाब में LSG से डिकॉक (80) ने पहले विकेट के लिए 73 रन जोड़े। आखिर में क्रुणाल पांड्या (गेंद-14, रन-19*) और आयुष बडोनी (गेंद-3, रन-10*) ने टीम को छह विकेट से जीत दिलाई।

जानकारी

DC ने हारा लगातार दूसरा मुकाबला

DC की यह लगातार दूसरी हार है। इससे पिछले मुकाबले में उन्हें गुजरात टाइटंस ने 14 रनों से हराया था। DC ने मौजूदा सीजन में फिलहाल अपनी इकलौती जीत मुंबई इंडियंस के खिलाफ दर्ज की है।