Page Loader
IPL में LSG और DC का एक-दूसरे के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? आंकड़ों से जानिए 
LSG इस सीजन कमाल का प्रदर्शन कर रही है (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL में LSG और DC का एक-दूसरे के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? आंकड़ों से जानिए 

Apr 11, 2024
03:32 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 का 26वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जाएगा। LSG ने इस सीजन खेले 4 मुकाबलों में से 3 में जीत दर्ज की है, जबकि 1 में हार का सामना करना पड़ा है। DC की टीम ने 5 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से वह सिर्फ 1 मैच में जीत पाई है और 4 में हार मिली है। आइए दोनों टीमों के एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।

हेड टू हेड

DC के खिलाफ LSG का पलड़ा रहा है भारी 

LSG और DC के बीच अब तक 3 मुकाबले खेले गए हैं। इन सभी मुकाबलों में LSG को जीत मिली है। IPL 2023 में दोनों टीम के बीच 1 मुकाबला खेला गया था। उस मैच को LSG ने 50 रन से अपने नाम किया था। IPL 2022 में LSG ने DC को पहले मैच में 6 विकेट और दूसरे मुकाबले में 6 रन से मात दी थी। ऐसे में DC हर हाल में LSG को हराना चाहेगी।

प्रदर्शन 

DC के इन खिलाड़ियों का रहा है शानदार प्रदर्शन 

DC के कप्तान ऋषभ पंत ने LSG के खिलाफ 2 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान वह 83 की औसत और 125.75 की स्ट्राइक रेट से 83 रन बनाने में सफल रहे हैं। सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के बल्ले से 3 मुकाबलों की 3 पारियों में 156 की स्ट्राइक रेट से 78 रन निकले हैं। डेविड वार्नर ने LSG के खिलाफ 3 मैच में 63 रन बनाए हैं। कुलदीप यादव ने LSG के खिलाफ 3 विकेट अपने नाम किए हैं।

आंकड़े

LSG के इन खिलाड़ियों ने किया है कमाल का प्रदर्शन 

LSG के कप्तान केएल राहुल ने DC के खिलाफ 15 मुकाबले खेले हैं। इसकी 13 पारियों में उन्होंने 29.30 की औसत और 138.04 की स्ट्राइक रेट से 381 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक भी निकले हैं। क्विंटन डिकॉक ने इस फ्रेंचाइजी के खिलाफ 11 मुकाबले खेले हैं। इसकी 11 पारियों में 138.86 की स्ट्राइक रेट से 343 रन बनाने में सफल रहे हैं। क्रुणाल पांड्या ने DC के खिलाफ 10 विकेट झटके हैं।

स्टेडियम

इकाना स्टेडियम में कैसा रहा है दोनों टीमों का प्रदर्शन? 

DC ने इकाना स्टेडियम में सिर्फ 1 मुकाबला खेला है। इस मुकाबले में टीम को हार का सामना करना पड़ा था। यहां टीम का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 143 रन रहा है। LSG ने इस मैदान पर अब तक 9 मुकाबले खेले हैं। 5 मैच में टीम को जीत और 3 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। LSG का इस मैदान पर सर्वश्रेष्ठ स्कोर 199 रन रहा है। उसका सबसे छोटा स्कोर यहां 108 रन का रहा है।