Page Loader
IPL इतिहास में चेन्नई सुपरकिंग्स के सबसे छोटे टीम स्कोर पर नजर
चेन्नई सुपरकिंग्स ने बनाया अपना तीसरा सबसे छोटा टीम स्कोर (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL इतिहास में चेन्नई सुपरकिंग्स के सबसे छोटे टीम स्कोर पर नजर

Apr 12, 2025
02:38 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 25वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) को अपने घर यानी एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। मैच में CSK की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 103/9 का स्कोर ही बना पाई। यह उसका IPL इतिहास में तीसरा सबसे कम टीम स्कोर रहा है। आइए IPL इतिहास में CSK के सबसे छोटे टीम स्कोर पर नजर डाल लेते हैं।

#1

79 बनाम मुंबई इंडियंस, IPL 2013

IPL इतिहास में CSK का सबसे छोटा स्कोर 79 रन का रहा है, जो उसने IPL 2013 में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ बनाया था। उस संस्करण के 49वें मैच में MI ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा (39*) और हरभजन सिंह (25) की पारियों के दम पर 139/5 का स्कोर बनाया था। जवाब में CSK का कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया और पूरी टीम 15.2 ओवर में 79 रन पर ढेर हो गई थी।

#2

97 बनाम मुंबई इंडियंस, IPL 2022 

IPL इतिहास में CSK का दूसरा सबसे छोटा स्कोर 97 रन रहा है, जो उसने IPL 2022 में MI के खिलाफ ही बनाया था। 59वें मैच में CSK की टीम टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते 16 ओवर में 97 रन पर सिमट गई थी। महेंद्र सिंह धोनी ने सर्वाधिक 36* रन बनाए थे। जवाब में MI ने तिलक वर्मा (34*) की पारी बदौलत 14.5 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 103 रन बनाकर मैच जीत लिया था।

#3

103 बनाम KKR, IPL 2025

मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए CSK ने पावरप्ले में 31/2 का स्कोर बनाया। इसके बाद भी उसके लगातार विकेट गिरते रहे। टीम ने शिवम दुबे (31*) और विजय शंकर (29) की पारी की बदौलत 103/9 का स्कोर बनाया। यह उसका IPL इतिहास में तीसरा सबसे छोटा और चेपॉक में सबसे छोटा स्कोर रहा है। जवाब में KKR ने सुनील नरेन (44) की पारी की बदौलत 10.1 ओवर में 2 विकेट पर 107 रन बनाकर मैच जीत लिया।

#4

109 बनाम राजस्थान रॉयल्स, IPL 2008

IPL इतिहास में CSK का चौथा सबसे छोटा स्कोर 109 रन का रहा है, जो उसने IPL 2008 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ बनाया था। उस संस्करण के 24वें मैच में CSK पहले बल्लेबाजी करते 19 ओवर में 109 रन पर सिमट गई थी। एल्बी मोर्कल ने सर्वाधिक 42 रन बनाए थे। जवाब में RR ने ग्रीम स्मिथ (35) की पारी बदौलत 14.2 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 110 रन बनाकर मैच जीत लिया था।