LOADING...
टी-20 विश्व कप इतिहास के सबसे छोटे स्कोर, ये 2 टीमें 39 रन पर हुईं ऑलआउट
युगांडा की टीम के आंकड़े कुछ खास नहीं हैं (फाइल तस्वीर)

टी-20 विश्व कप इतिहास के सबसे छोटे स्कोर, ये 2 टीमें 39 रन पर हुईं ऑलआउट

Feb 04, 2026
02:22 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप के इतिहास में कुछ ऐसे मैच भी दर्ज हैं, जहां टीमों को बेहद छोटे स्कोर पर ऑलआउट होना पड़ा। ये रिकॉर्ड सिर्फ शर्मनाक आंकड़े नहीं, बल्कि घातक गेंदबाजी और दबाव भरे मुकाबलों की मिसाल हैं। बड़े मंच पर जब बल्लेबाज़ पूरी तरह फेल हो गए, तब गेंदबाजों ने इतिहास रचा। ऐसे में आइए टी-20 विश्व कप 2026 के आगाज से पहले इस टूर्नामेंट के इतिहास के सबसे छोटे टीम स्कोर पर एक नजर डाल लेते हैं।

#1

युगांडा और नीदरलैंड (39 रन) 

पहले स्थान पर युगांडा और नीदरलैंड क्रिकेट टीम है। साल 2024 के विश्व कप में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम युगांडा के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 173/5 का स्कोर बनाने में सफल रही थी। जवाब में युगांडा सिर्फ 39 रन पर ऑलआउट हो गई थी। उसे 134 रन से हार मिली थी। 2014 के विश्व कप में श्रीलंका के खिलाफ नीदरलैंड 10.3 ओवर में 39 रन ही बना पाई थी। 1 विकेट खोकर श्रीलंका ने लक्ष्य हासिल कर लिया था।

#2

युगांडा (40 रन) 

सूची में दूसरे स्थान पर भी युगांडा की ही टीम है। 2024 के विश्व कप में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पूरी टीम 40 रन पर पवेलियन लौटी थी। टिम साउथी ने 4 ओवर में 1 मेडन के साथ 4 रन देकर 3 विकेट लिए थे। ट्रेंट बोल्ट, मिचेल सेंटनर और रचिन रविंद्र को 2-2 सफलता मिली थी। कीवी टीम ने 5.2 ओवर में 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।

Advertisement

#3

नीदरलैंड (44 रन) 

साल 2021 के विश्व कप का 12वां मुकाबला नीदरलैंड और श्रीलंका के बीच खेला गया था। इसी मैच में टी-20 विश्व कप के इतिहास का तीसरा सबसे छोटा स्कोर भी बना। पहले बल्लेबाजी करने उतरी नीदरलैंड 10 ओवर में सिर्फ 44 रन पर ऑलआउट हो गई। लाहिरू कुमारा और महेश तीक्षाना ने 3-3 विकेट लिए थे। जवाब में श्रीलंका 7.1 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था। उसे 8 विकेट से जीत मिली थी।

Advertisement

#4

ओमान (47 रन) 

ओमान क्रिकेट टीम इस सूची में चौथे स्थान पर है। साल 2024 के विश्व कप में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ ओमान 13.2 ओवर में सिर्फ 47 रन पर ऑलआउट हो गई थी। टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी और इंग्लैंड के लिए आदिल राशिद ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए थे। जोफ्रा आर्चर और मार्क वुड के खाते में 3-3 विकेट आए थे। इंग्लैंड ने केवल 3.1 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।

Advertisement