Page Loader
राष्ट्रमंडल खेल 2022: भारोत्तोलक लवप्रीत सिंह ने जीता कांस्य, भारत का कुल 14वां पदक
लवप्रीत ने कांस्य पदक जीता (तस्वीर: ट्विटर/@narendramodi)

राष्ट्रमंडल खेल 2022: भारोत्तोलक लवप्रीत सिंह ने जीता कांस्य, भारत का कुल 14वां पदक

Aug 03, 2022
04:25 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारतीय भारोत्तोलक लवप्रीत सिंह ने कांस्य पदक जीत लिया है। पुरुषों के 109 किलोग्राम भारवर्ग में लवप्रीत ने स्नैच में 163 किलो और क्लीन एंड जर्क में 192 किलो उठाकर पदक हासिल किया। उन्होंने अपने स्नैच और क्लीन एंड जर्क के सभी प्रयास में सफलतापूर्वक वजन उठाए। यह बर्मिंघम खेलों में भारत का कुल 14वां पदक है। उनके प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन

ऐसा रहा लवप्रीत का प्रदर्शन

लवप्रीत सिंह ने स्नैच के अपने पहले प्रयास में 157 किलो जबकि दूसरे प्रयास में 161 किलो वजन उठाया। वहीं उन्होंने तीसरे प्रयास में 163 किलो उठाया। स्नैच राउंड के बाद लवप्रीत संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे थे। वहीं क्लीन एंड जर्क में लवप्रीत ने अपने पहले प्रयास में 185 किलो को सहजता से उठाया। वहीं दूसरे और तीसरे प्रयास में उन्होंने क्रमशः 189 किलो और 192 किलो को उठाकर पदक हासिल किया।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

कांस्य पदक हासिल करने वाले लवप्रीत ने पुरुषों के 109 किलो भारवर्ग में स्नैच (163), क्लीन एंड जर्क (192) और कुल स्कोर (355) में तीनों नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं।

पदक

कैमरून के जूनियर पेरिकलेक्स ने जीता स्वर्ण

109 किलो भारवर्ग का स्वर्ण पदक कैमरून के जूनियर पेरिकलेक्स ने जीता। उन्होंने स्नैच में 180 किलो और क्लीन एंड जर्क में 201 किलो वजन उठाकर शीर्ष स्थान हासिल किया। उनका क्लीन एंड जर्क का तीसरा प्रयास असफल रहा था। वहीं रजत पदक समोआ के जैक हितिला ओपलोगे ने अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच में सर्वाधिक 164 किलो वजन उठाया था। वहीं क्लीन एंड जर्क में उन्होंने 194 किलो उठाया था।

लेखा-जोखा

भारोत्तोलन में भारत ने जीता नौवां पदक

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत के भारोत्तोलकों ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। अब तक भारोत्तोलन में भारत की झोली में नौ पदक आ गए हैं। मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा और अचिंता शुली ने भारत के लिए स्वर्ण पदक जीते हैं। संकेत महादेव सरगर, विंद्यारानी देवी और विकास ने रजत पदक जीते हैं तो वहीं गुरुराज पुजारी, लवप्रीत और हरजिंदर कौर ने कांस्य हासिल किया है।