
IPL इतिहास में अब तक बने सर्वोच्च टीम स्कोर पर एक नजर
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सालों से क्रिकेट प्रशंसकों की सबसे पसंदीदा लीग रही है। इस टूर्नामेंट में दुनिया भर के खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं। 22 मार्च से IPL 2025 का आयोजन होने वाला है।
एक बार फिर कई स्टार खिलाड़ी खेलते हुए नजर आएंगे।
IPL 2024 में 3 मौके ऐसे आए जब टीमों ने 270 से ज्यादा रन बना दिए। ऐसे में आइए IPL इतिहास में अब तक के सर्वोच्च टीम स्कोर पर एक नजर डाल लेते हैं।
#1
सनराइजर्स हैदराबाद (287/3)
सूची में पहले स्थान पर सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) है। उसने IPL 2024 के 30वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 287/3 का स्कोर बना दिया था।
ट्रेविस हेड के बल्ले से 102 रन निकले थे। उन्होंने 9 चौके और 8 छक्के लगाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 248.78 की रही थी।
हेनरिक क्लासेन ने 67 रन की पारी खेली थी। अब्दूल समद ने 10 गेंदों में 37 रन बना दिए थे। RCB मुकाबला 25 रन से हार गई थी।
#2
सनराइजर्स हैदराबाद (277/3)
सूची में दूसरे स्थान पर भी SRH की टीम है। IPL 2024 के 8वें मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए उसने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 277/3 का स्कोर बना दिया था।
अभिषेक शर्मा ने 23 गेंदों पर 63 रन बनाए थे। हेड ने 24 गेंदों में 62 रन जड़ दिए थे। क्लासेन के बल्ले से 34 गेंदों में 80 रन निकले थे।
जवाब में MI 246/5 का स्कोर बना पाई थी। उसे 31 रन से हार मिली थी।
#3
कोलकाता नाइट राइडर्स (272/7)
तीसरे स्थान पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टीम है। उसने IPL 2024 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 272/7 का स्कोर बना दिया था।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी KKR के लिए सुनील नरेन ने 39 गेंदों में 85 रन जड़ दिए थे। उनके बल्ले से 7 चौके और 7 छक्के निकले थे। अंगकृष रघुवंशी ने 54 और आंद्रे रसेल ने 41 रन की पारी खेली थी।
KKR की टीम ने यह मुकाबला 106 रन से जीता था।
#4
सनराइजर्स हैदराबाद (266/7)
चौथे स्थान पर एक बार फिर SRH है। उसने IPL 2024 में DC के खिलाफ 266/7 का स्कोर बनाया था। हेड ने धमाकेदार पारी खेली थी और 32 गेंदों में 89 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 11 चौके और 6 छक्के निकले थे।
शहबाज अहमद ने 29 गेंदों में 59 रन बनाए थे। जवाब में DC की टीम 199 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
SRH की टीम को उस मुकाबले में 67 रन से जीत मिली थी।