
भारत में प्रदर्शनी मुकाबला खेलेंगे लियोनल मेसी, जानिए कब और कहां खेला जाएगा मुकाबला
क्या है खबर?
विश्व के महान फुटबॉल खिलाड़ी लियोनल मेसी इस साल अक्टूबर में भारत में एक प्रदर्शनी मैच खेलने आएंगे। यह मुकाबला केरल में खेला जाएगा।
14 साल बाद यह दिग्गज खिलाड़ी भारत आएगा। केरल के खेल मंत्री वी अब्दुरहीमान ने ने कुछ दिन पहले इसका ऐलान किया था। अब इस खबर पर पूरी तरह से मुहर लग गई है।
यह भारत में मौजूद फुटबॉल प्रशंसको के लिए दिलचस्प खबर है। मेसी के साथ अर्जेंटीना फुटबॉल टीम भी होगी।
करार
आखिरी बार 2011 में आए थे मेसी
ब्रिटिश यूनिवर्सल बैंक एंड कॉरपोरेशन (HSBC) ने हाल में अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) के साथ एक महत्वपूर्ण करार किया है। इसके तहत ही यह अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी मैच आयोजित किया जाएगा।
कोच्चि में होने वाले इस मुकाबले को AFA के अध्यक्ष क्लाउडियो फैबियन तापिया ने नया मील का पत्थर बताया है।
आखिरी बार मेसी साल 2011 में भारत आए थे। उन्होंने वेनेजुएला के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मैत्रीपूर्ण मैच खेला था। उस मैच में अर्जेंटीना को 1-0 से जीत मिली थी।
बयान
HSBC ने क्या कहा?
HSBC इंडिया की विज्ञप्ति में कहा गया, "इस साझेदारी के तहत दिग्गज खिलाड़ी मेसी सहित अर्जेंटीना की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम अक्टूबर 2025 में एक अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी मैच खेलने के लिए भारत का दौरा करेगी। AFA और HSBC ने आज भारत और सिंगापुर के लिए 1 साल की नई साझेदारी की है जो 2026 विश्व कप क्वालीफिकेशन के अंतिम चरण के मैचों से पहले 2025 में प्रतिस्पर्धी सत्र को पूरी करेगी।"
गोल
ऐसा रहा है मेसी का अंतरराष्ट्रीय करियर
मेसी ने अर्जेंटीना के लिए खेलते हुए 191 मैच में 112 गोल किए हैं। वह दुनिया में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं।
उनसे ज्यादा गोल सिर्फ पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो (136) ने किए हैं। तीसरे स्थान पर इरान के अली डेई हैं। उन्होंने 108 गोल दागे हैं।
चौथे स्थान पर भारतीय फुटबॉल टीम के दिग्गज सुनील छेत्री (95) और पांचवे स्थान पर मलेशिया फुटबॉल टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी मोख्तार दहारी (89) हैं।
खिलाड़ी
सबसे ज्यादा बार बेलोन डी'ओर का खिताब जीतने वाले खिलाड़ी
मेसी सबसे ज्यादा बार बेलोन डी'ओर जीतने वाले खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने 2009, 2010, 2011, 2012, 2015, 2019, 2021 और 2023 में यह खिताब जीता था।
दूसरे स्थान पर रोनाल्डो (5 बार) हैं। उन्होंने 2008, 2013, 2014, 2016 और 2017 में यह खिताब अपने नाम किया था।
तीसरे स्थान पर फ्रांस के माइकल प्लैटिनी हैं। उन्होंने साल 1983, 1984 और 1985 में यह खिताब जीता था। मेसी लगातार 4 बार यह खिताब जीतने वाले पहले खिलाड़ी थे।