LOADING...
ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप 2026: लक्ष्य सेन को फाइनल में लिन चुन-यी से मिली हार
फाइनल में हारे लक्ष्य (तस्वीर: एक्स/@BAI_Media)

ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप 2026: लक्ष्य सेन को फाइनल में लिन चुन-यी से मिली हार

Mar 08, 2026
06:56 pm

क्या है खबर?

ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरुष एकल फाइनल मुकाबले में चीनी ताइपे (ताइवान) के लिन चुन-यी ने भारत के स्टार खिलाड़ी लक्ष्य सेन 21-15, 22-20 से हरा दिया। रविवार को बर्मिंघम में हुए इस खिताबी मुकाबले में भारतीय खिलाड़ी को सीधे गेम में हार मिली। बता दें कि दूसरी बार लक्ष्य इस फाइनल को जीतने में नाकाम रहे। इससे पहले सेमीफाइनल में लक्ष्य ने कनाडा के विक्टर लाई को हराया था।

पहला गेम 

पहले गेम में पिछड़ गए लक्ष्य 

लक्ष्य की खराब शुरुआत रही और स्कोर 6-2 से विपक्षी शटलर के पक्ष में रहा। इसके बाद अल्मोड़ा में जन्में लक्ष्य ने वापसी का भरसक प्रयास किया, लेकिन पहले गेम के मध्यांतर तक स्कोर 11-9 से लिन के पक्ष में रहा। इसके बाद 13-17 से पिछड़ने वाले लक्ष्य ने एक के बाद एक गलतियां दोहराई। शुरुआत से ही लय तलाश रहे लक्ष्य को पहले गेम में शिकस्त मिली।

दूसरा गेम 

रोचक रहा दूसरा गेम 

पहले गेम को गंवाने के बाद लक्ष्य ने अपने प्रदर्शन में सुधार किया और दूसरे गेम में बढ़त 8-4 से ले ली। उन्होंने निरंतर अंक बटोरते हुए विपक्षी शटलर को बैकफुट में धकेल दिया। दूसरे गेम के मध्यांतर के बाद लिन ने पलटवार किया और वापसी करते हुए स्कोर 14-14 कर दिया। इसके बाद दबाव की स्थिति में चीनी ताइपे के खिलाड़ी ने उम्दा खेल दिखाते हुए लक्ष्य के सपने को तोड़ दिया।

Advertisement