Page Loader
राष्ट्रमंडल खेल 2022: पीवी सिंधु के बाद अब लक्ष्य सेन ने जीता स्वर्ण पदक
पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में खेले हैं लक्ष्य

राष्ट्रमंडल खेल 2022: पीवी सिंधु के बाद अब लक्ष्य सेन ने जीता स्वर्ण पदक

Aug 08, 2022
04:38 pm

क्या है खबर?

भारत के उभरते हुए बैडमिंटन सितारे लक्ष्य सेन ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में स्वर्ण पदक जीत लिया है। पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में लक्ष्य ने मलेशिया के जी योंग एनजी को तीन गेम तक चले मुकाबले में 19-21, 21-9, 21-16 से हरा दिया। यह बर्मिंघम खेलों में बैडमिंटन की एकल स्पर्धा में भारत की झोली में आने वाला तीसरा पदक है। बता दें अपने-अपने एकल वर्ग में किदाम्बी श्रीकांत ने कांस्य जबकि पीवी सिंधु ने स्वर्ण पदक जीता है।

प्रदर्शन

फाइनल में ऐसा रहा लक्ष्य का प्रदर्शन

मलेशियाई शटलर ने आक्रामक शुरुआत की और पहले गेम के मध्यांतर तक स्कोर 11-9 से अपने पक्ष में किया। पहले गेम में ज्यादातर समय पिछड़े रहे लक्ष्य ने वापसी करते हुए स्कोर 19-19 से बराबरी पर ला दिया। हालांकि, पहले गेम में लक्ष्य को 19-21 से हार मिली। दूसरे गेम में लक्ष्य ने अच्छा खेल दिखाया और मध्यांतर तक 11-9 से बढ़त बनाई और आसानी से गेम जीत लिया। तीसरे गेम को उन्होंने वर्चस्व के साथ जीता।

सफर

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में लक्ष्य का सफर

लक्ष्य ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 के सेमीफाइनल में सिंगापुर के जिया हेंग तेह को तीन गेम तक चले मुकाबले में 21-10, 18-21, 21-16 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था। उन्होंने अपने पहले मैच में वर्नोन स्मीड को 21-4, 21-5 से हराकर अच्छी शुरुआत की थी। वहीं अगले दो मैचों में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के यिंग जियांग लिन और मॉरीशस के जूलियन जॉर्जेस पॉल को सीधे गेम में हराया था।

2022

इस साल शानदार रहा है लक्ष्य का प्रदर्शन

इस साल जनवरी में लक्ष्य ने विश्व चैंपियन लोह कीन यू को हराकर योनेक्स सनराइज इंडिया ओपन जीता था। उन्होंने ने सिंगापुर के शटलर को 24-22, 21-17 से हराकर पुरुष एकल का खिताब अपने नाम किया। वह मार्च में ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में उपविजेता रहे थे। उन्हें विक्टर एक्सेलसन से सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने मई में भारतीय पुरुष टीम में खेलते हुए ऐतिहासिक थॉमस कप जीता था।

जानकारी

फिलहाल भारत ने जीते हैं 20 स्वर्ण

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत ने अब तक कुल 57 पदक जीत लिए हैं, जिसमें 20 स्वर्ण शामिल हैं। भारत की झोली में अब तक 15 रजत और 22 कांस्य भी आए हैं। फिलहाल पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर है।