Page Loader
IPL 2021: 'किंग्स इलेवन पंजाब' का नाम बदलकर 'पंजाब किंग्स' हुआ

IPL 2021: 'किंग्स इलेवन पंजाब' का नाम बदलकर 'पंजाब किंग्स' हुआ

लेखन Neeraj Pandey
Feb 18, 2021
08:46 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 14वें सीजन के आयोजन की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इस सीजन के लिए 18 फरवरी को चेन्नई में नीलामी होने वाली है और इससे पहले किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) ने अपना नाम बदलने का निर्णय लिया है। 14वें सीजन से अब इस टीम को 'पंजाब किंग्स' के नाम से जाना जाएगा। फ्रेंचाइजी ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को अपने निर्णय के बारे में बता दिया है।

पंजाब किंग्स

नीलामी में पंजाब किंग्स नाम से ही हिस्सा लेगी फ्रेंचाइजी

बीती रात फ्रेंचाइजी ने अपने नए नाम और लोगो की घोषणा की है। ट्विटर पर वे बीते दो दिन से नाम बदलने के संकेत दे रहे थे। इस पर टीम के CEO सतीश मेनन ने कहा, "पंजाब किंग्स एक अधिक शक्तिशाली नाम है और हमें लगा कि ऐसा करने के लिए यह सही समय है। ब्रांड के पहचान में बदलाव करने का मतलब यह नहीं है कि हमने अपने स्वभाव में बदलाव करेंगे।"

ट्विटर पोस्ट

ट्विटर पर जारी किया नाम

दिल्ली कैपिटल्स

2019 सीजन से पहले दिल्ली ने भी बदला था नाम

IPL 2019 से पहले दिल्ली डेयरडेविल्स ने भी अपना नाम बदलकर दिल्ली कैपिटल्स कर लिया था। दिल्ली कैपिटल्स नाम से फ्रेंचाइजी दो सीजन खेल चुकी है और पिछले सीजन तो वे फाइनल में भी पहुंचे थे। IPL की शुरुआत में जुड़ी आठ वास्तविक फ्रेंचाइजियों में अब दो ने अपना नाम बदल लिया है। दिल्ली ने तो अपनी जर्सी को भी बदल लिया है। पहले उनकी जर्सी लाल और नीली होती थी, जो अब पूरी तरह से नीली हो चुकी है।

क्वारंटाइन एजवाइजरी

नीलामी मेें हिस्सा लेने वालों के लिए जारी हुई क्वारंटाइन एजवाइजरी

नीलामी के लिए पहुंचने वाले लोगों के लिए BCCI ने क्वारंटाइन एडवाइजरी जारी की है। 17 फरवरी को पहुंचने वाले लोगों का आरटी-पीसीआर टेस्ट होगा और टेस्ट रिजल्ट आने तक वे अपने कमरों में क्वारंटाइन रहेंगे। इसी प्रकार 18 फरवरी को आने वाले लोग भी टेस्ट रिजल्ट आने तक क्वारंटाइन रहेंगे। कोरोना निगेटिव रिजल्ट वाले लोगों को ही नीलामी वाली रूम में जाने की अनुमति मिलेगी। टेस्ट रिजल्ट 3-4 घंटों में आ जाएगा।

नीलामी

पंजाब के लिए काफी अहम है नीलामी

यह नीलामी पंजाब के लिए काफी अहम है क्योंकि उन्होंने इस सीजन से पहले अपने कई खिलाड़ियों को रिलीज किया है। पंजाब के पास सबसे अधिक लगभग 53.2 करोड़ रूपये बचे हैं। पंजाब के पास पांच विदेशी खिलाड़ियों की जगह बची है और वे जमकर खरीदारी करने वाले हैं। इसके अलावा पंजाब को पिछले सीजन संघर्ष कर रही अपनी गेंदबाजी को भी मजबूत करने की जरूरत होगी।